मुंबई, 2 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी। क्राइम ब्रांच की टीम ने दो शराब की दुकानों से करीब 25 लाख रुपए मूल्य की ई-सिगरेट जब्त की है। वहीं, एक व्यक्ति की भी गिरफ्तारी हुई है।
मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट 6 ने मुंबई के कुर्ला इलाके में दो शराब की दुकानों से 25.5 लाख रुपए मूल्य की ई-सिगरेट जब्त की। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान 31 वर्षीय उबैद मोहम्मद सलीम शेख के रूप में हुई है। मुंबई क्राइम ब्रांच की यह कार्रवाई प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट की बिक्री के खिलाफ काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार, मुंबई के कुर्ला पश्चिम में आशा बाई चाल, सिद्धपुरा मस्जिद के पास प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट की अवैध सूचना मिली थी। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस की एक टीम ने उक्त स्थान पर छापा मारा। इस दौरान लाखों रुपए के प्रतिबंधित पदार्थों के साथ एक आरोपी की गिरफ्तारी भी हुई।
छापेमारी के दौरान टीम ने विभिन्न ब्रांडों और स्वादों की कुल 1,884 इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और तंबाकू आधारित हुक्का फ्लेवर बरामद किए। जब्त की गई वस्तु की कीमत 25,50,195 रुपए आंकी गई है।
जब्ती के बाद आरोपी के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 की धारा 7 और 8 तथा सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 की धारा 4 और 21 के तहत मामला दर्ज किया गया।
मुंबई के विनोबा भावे नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।