मुंबई : रेप और हत्या का आरोपी मथुरा से गिरफ्तार

0
24

मुंबई, 30 सितंबर (आईएएनएस)। मुंबई के मलाड पश्चिम में महिला से रेप और हत्या के मामले में मालवणी पुलिस ने आरोपी चंद्रपाल रामखिलाड़ी को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से गिरफ्तार कर लिया है।

मुंबई के मलाड पश्चिम के सावंत कंपाउंड के पास 25 सितंबर को एक महिला का शव मिला था। जांच में सामने आया कि महिला के साथ पहले रेप किया गया और फिर चुनरी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की थी।

पुलिस उपायुक्त संदीप जाधव ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि मालवणी पुलिस ने 11 टीमें बनाईं और तकनीकी विश्लेषण की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी हत्या करने के बाद उत्तर प्रदेश भाग गया है।

उन्होंने बताया कि टीम ने इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया और आरोपी को मथुरा के पास से गिरफ्तार किया था। आरोपी की पहचान चंद्रपाल रामखिलाड़ी उर्फ नेता (34) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि वह केवल 10 दिन पहले ही मालवणी आया था और रिक्शा चलाता था।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मृतक महिला के भाई की तहरीर पर जांच शुरू की गई थी। आरोपी हत्या के बाद पुलिस से बचने के लिए मथुरा भाग गया था। आरोपी उत्तर प्रदेश का ही रहने वाला है। आरोपी यहां काम की तलाश में आया था, जब काम नहीं मिला तो रिक्शा चलाने लगा था।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने महिला को कुछ दिनों पहले कुछ पैसे दिए थे, वह बार-बार पैसे मांग रहा था, लेकिन महिला ने पैसे वापस नहीं किए। इसके बाद पैसे के विवाद को लेकर आरोपी ने महिला की चुनरी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। किसी को कोई शक न हो, इसके लिए उसने शव को सावंत कंपाउंड के पास छोड़कर चला गया।