Tuesday, June 23, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन प्रियंका चोपड़ा ने पापा अशोक चोपड़ा को किया याद, शेयर की बचपन...

प्रियंका चोपड़ा ने पापा अशोक चोपड़ा को किया याद, शेयर की बचपन की अनमोल तस्वीर

0
44

मुंबई, 11 जून (आईएएनएस)। ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा जिनका करियर और परिवार दोनों ही बेहतरीन तरीके से संभाल रही हैं, लेकिन इन सब के बीच उन्हें अपनों की कमी खलती है। एक्ट्रेस ने अपने पापा अशोक चोपड़ा की याद की और बताया कि वह उन्हें हर दिन मिस करती हैं।

प्रियंका चोपड़ा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में एक पुरानी तस्वीर शेयर की। इस फोटो में वह अपने पापा के साथ नजर आ रही हैं। तस्वीर में प्रियंका बेहद छोटी दिख रही हैं और अपने पापा के साथ बर्फीले पहाड़ों में मस्ती करती हुई नजर आ रही हैं। उन्होंने गर्म कपड़े पहने हुए हैं और बर्फ पर बैठकर पापा की ओर देख मुस्कुरा रही हैं।

इस फोटो को शेयर करते हुए प्रियंका ने लिखा, “हर दिन आपकी याद आती है, पापा।”

बता दें कि एक्ट्रेस के पापा अशोक चोपड़ा का निधन कैंसर की वजह से हुआ था। उनकी तबीयत काफी खराब रहने लगी थी। 62 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली।

वर्कफ्रंट की बात करें तो, प्रियंका इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘हेड्स ऑफ स्टेट’ की तैयारियों में व्यस्त हैं। इस फिल्म का निर्देशन इल्या विक्टरोविच नाइशुल्लर ने किया है। यह 2 जुलाई को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।

‘हेड्स ऑफ स्टेट’ एक्शन से भरपूर फिल्म है। इसमें प्रियंका ‘नोएल बिसेट’ नाम की महिला का किरदार निभा रही हैं, जो एमआई6 एजेंट के रूप में काम करती है। इस फिल्म में जॉन सीना और इद्रिस एल्बा भी अहम किरदार में हैं।

इसके अलावा, प्रियंका के पास ‘एसएसएमबी 29’ नामक एक बड़ी फिल्म भी है, जिसे मशहूर डायरेक्टर एस. एस. राजामौली बना रहे हैं। यह पहली बार है जब प्रियंका राजामौली के साथ काम कर रही हैं। इस फिल्म में महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

यही नहीं, प्रियंका की झोली में निर्देशक फ्रैंक ई. फ्लावर्स की फिल्म ‘द ब्लफ’ भी है। इस फिल्म में वह समुद्री डाकू की भूमिका निभाएंगी। फिल्म की कहानी परिवार की रक्षा करने के इर्द-गिर्द भी घूमती है।

प्रियंका चोपड़ा जल्द ही वेब सीरीज ‘सिटाडेल 2’ में भी नजर आएंगी। यह एक जासूसी और एक्शन से भरी सीरीज है, जिसका पहला सीजन साल 2023 में रिलीज हुआ था।