Saturday, July 11, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति राहुल और प्रियंका खानदानी लोग, दोनों की केमिस्ट्री दुनिया नहीं समझ सकती...

राहुल और प्रियंका खानदानी लोग, दोनों की केमिस्ट्री दुनिया नहीं समझ सकती : पप्पू यादव

0
35

नई दिल्ली, 23 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली में कांग्रेस के भीतर चल रही सियासी हलचल के बीच पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने शशि थरूर की केरल की चुनावी बैठक में गैरमौजूदगी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक विशाल राजनीतिक परिवार है, जहां हर नेता की कार्यशैली अलग होती है और सभी अपने-अपने तरीके से संगठन के लिए योगदान देते हैं।

पप्पू यादव ने आईएएनएस से कहा, “यह इतना बड़ा परिवार है, जिसकी सोच भी बहुत व्यापक है। हर व्यक्ति का अपना तरीका होता है। शशि थरूर एक अच्छे इंसान हैं। उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों की गहरी समझ है और वह बेहद विनम्र स्वभाव के हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि यह कांग्रेस परिवार का आंतरिक मामला है और इसे लेकर किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। सब कुछ बातचीत से सुलझ जाएगा।

वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर भी पप्पू यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “पहले उन्हें अपने घर में झांककर देखना चाहिए। उनके यहां भाजपा नेतृत्व के बीच क्या चल रहा है, नंबर एक, नंबर दो और नंबर तीन के बीच क्या स्थिति है, और आरएसएस और भाजपा के बीच क्या चल रहा है। इन सब पर उन्हें पहले विचार करना चाहिए। दूसरों पर उंगली उठाने से पहले आत्ममंथन जरूरी है।”

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बारे में बात करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि दोनों की केमिस्ट्री दुनिया पूरी तरह नहीं समझ सकती। वे एक राजनीतिक परिवार से आते हैं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी खानदानी लोग हैं। उन्होंने संघर्ष देखा है और अब देश को बचाने के लिए एक साथ लड़ रहे हैं।

जहां एक ओर कांग्रेस के भीतर अनुशासन और एकजुटता पर सवाल उठ रहे हैं, तो दूसरी ओर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग भी और तीखी होती दिख रही है।