Tuesday, June 23, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन राजीव गांधी की 81वीं जयंती पर बॉलीवुड एक्ट्रेस बीना काक ने दी...

राजीव गांधी की 81वीं जयंती पर बॉलीवुड एक्ट्रेस बीना काक ने दी श्रद्धांजलि

0
22

मुंबई, 20 अगस्त (आईएएनएस)। हर साल 20 अगस्त को देशभर में सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जाता है, जो भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर उनके योगदान को याद करने का दिन है। राजीव गांधी, जिन्हें आधुनिक भारत के निर्माता के रूप में याद किया जाता है, ने देश के विकास में अनेक महत्वपूर्ण पहल की थीं। उनके राजनीतिक जीवन और कार्यों ने भारत को नई दिशा दी। इस खास दिन पर देश के कई गणमान्य व्यक्ति, कलाकार और आम लोग श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इस कड़ी में बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री और कांग्रेस नेता बीना काक ने भी राजीव गांधी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

बीना काक ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर राजीव गांधी की कुछ चुनिंदा तस्वीरें साझा की और अपने कैप्शन में लिखा, “मेरे आदर्श, मेरे गुरु, श्री राजीव गांधी अमर!! शत शत नमन।” इस पोस्ट में उन्होंने राजीव गांधी के प्रति अपने गहरे सम्मान और आस्था को व्यक्त किया। उनकी इस भावनात्मक श्रद्धांजलि को सोशल मीडिया पर उनके फैंस और राजीव गांधी के अनुयायी काफी पसंद कर रहे हैं।

बता दें कि राजीव गांधी का प्रधानमंत्री कार्यकाल 1984 से 1989 तक रहा, जिसमें उन्होंने शिक्षा, तकनीकी विकास और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा दिया। उन्होंने भारत में कंप्यूटर क्रांति की नींव रखी और दूरसंचार क्षेत्र को आधुनिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

बात करें अगर बीना काक की तो वह सलमान खान की करीबी मानी जाती है। दोनों का रिश्ता मां-बेटे जितना गहरा है। सलमान के कहने पर बीना काक ने कई फिल्मों में काम भी किया था। उन्होंने साल 2005 में आई सलमान खान की फिल्म ‘मैंने प्यार क्यों किया’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में उन्होंने सलमान की मां का रोल निभाया। इसके अलावा, साल 2008 में आई फिल्म ‘गॉड तुस्सी ग्रेट हो’ में भी वह सलमान खान की मां के रोल में नजर आईं। इस फिल्म को सलमान खान के भाई सोहेल खान ने प्रोड्यूस किया था।

इसके अलावा, उन्होंने ‘नन्हें जैसलमेर’, ‘दूल्हा मिल गया’, ‘ए इश्क ए ट्रिब्यूट टू लव’, और ‘जानिसार’ जैसी फिल्मों में प्रभावशाली भूमिकाएं निभाईं।