Tuesday, August 25, 2026
spot_img
Home मनोरंजन ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांतारा: चैप्टर 1’ का ट्रेलर हुआ रिलीज

ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांतारा: चैप्टर 1’ का ट्रेलर हुआ रिलीज

0
41

मुंबई, 22 सितंबर (आईएएनएस)। दक्षिण भारतीय फिल्मों के अभिनेता ऋषभ शेट्टी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कंतारा: चैप्टर 1’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। यह फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ट्रेलर को शेयर करते हुए मेकर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “कांतारा: चैप्टर 1, उस भूमि और उन लोगों के प्रति हमारी श्रद्धांजलि है, जिन्होंने इस यात्रा को संभव बनाया।”

फिल्म के ट्रेलर में एक बार फिर ऋषभ शेट्टी अपने लोगों की रक्षा करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस बार कहानी पहली फिल्म से भी ज्यादा उलझी हुई नजर आ रही है। ट्रेलर में ऋषभ के किरदार बेरमे को अनुचित भूमि अधिग्रहण और जाति-पूर्वाग्रह के खिलाफ लड़ते हुए दिखाया गया है।

इस बार फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता गुलशन देवैया राजा कुलशेखर की भूमिका में दिखाई देंगे। वह खलनायक के रूप में नजर आएंगे। ट्रेलर में दिखाया गया है कि राजा कांतारा के लोगों पर जमकर अत्याचार हो रहा है।

उससे रक्षा के लिए भगवान का अवतार बनकर बेमरे अपने लोगों की रक्षा करते दिख रहे हैं। ट्रेलर के बैकग्राउंड में सिंगर दिलजीत दोसांझ की दमदार आवाज ने जान डाल दी है।

इन सबके बीच ऋषभ शेट्टी और अभिनेत्री रुक्मिणी वसंत के बीच एक लव स्टोरी पनपती भी दिखाई देती है। कुल मिलाकर ट्रेलर काफी दमदार है और लोगों पर पुरानी कांतारा वाली छाप छोड़ता दिखाई दे रहा है।

यह फिल्म ऋषभ शेट्टी की 2022 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कांतारा’ का प्रीक्वल है। फिल्म की स्क्रिप्ट ऋषभ शेट्टी ने लिखी है और उसे निर्देशित भी किया है, जबकि विजय किरगंडुर फिल्म के निर्माता हैं। फिल्म में जयराम, राकेश पुजारी और रुक्मिणी वसंत जैसे सितारे भी अहम किरदार में दिखाई देंगे।

‘कांताराः चैप्टर 1’ को होम्बले फिल्म्स के बैनर तले बनाया गया है। इसके म्यूजिक डायरेक्टर बी. अजनीश लोकनाथ हैं। यह फिल्म 2 अक्टूबर को दुनियाभर में कन्नड़, हिंदी, तेलुगु, मलयालम, तमिल, बंगाली और अंग्रेजी भाषाओं में रिलीज होगी।