‘सनातन के सम्मान में कमी नहीं आएगी’, अविमुक्तेश्वरानंद विवाद पर मंत्री जयवीर सिंह बोले- जल्द सुलझाएंगे मामला

0
24

लखनऊ, 23 जनवरी (आईएएनएस)। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज के प्रयागराज माघ मेला स्नान को लेकर हुए विवाद पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कोई सनातन का अपमान नहीं कर सकता है। जल्द ही इस पूरे विवाद को सुलझा लिया जाएगा।

मंत्री जयवीर सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, “किसी का अपमान नहीं किया जा रहा है। यह मामला एक-दो दिन में सुलझ जाएगा। सनातन का सम्मान है और कोई इसका अपमान नहीं कर सकता। हमारी सरकार सनातन के लिए जानी जाती है। सनातन के सम्मान में न कमी आई है और न ही आएगी।”

इसी बीच, मंत्री जयवीर सिंह ने जानकारी दी कि शनिवार को ‘यूपी दिवस’ का मुख्य कार्यक्रम लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर होगा। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर मंत्रियों और पदाधिकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। गांव-ब्लॉक स्तर से लेकर राज्य स्तर तक अलग-अलग कला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर पांच ऐसे लोगों को उत्तर गौरव सम्मान भी दिया जाएगा, जिन्होंने राज्य को पहचान दिलाने में योगदान दिया है।

जयवीर सिंह ने कहा कि इस साल देशभर के अलग-अलग राज्यों की राजधानियों में यूपी महोत्सव आयोजित करने का फैसला किया गया है, जिसमें स्थानीय नेताओं की अगुवाई में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अलग-अलग देशों के राजदूत शामिल होंगे। अन्य देशों में जहां उत्तर प्रदेश के लोग अधिक संख्या में प्रवास करते हैं, वहां भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंत्री ने जानकारी दी कि लखनऊ के कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा के ‘अमेठी में राहुल गांधी के चुनाव हारने का कारण कांग्रेस का मैनेजमेंट था’ वाले बयान पर जयवीर सिंह ने कहा, “देश पहले से ही यह महसूस कर रहा था और अब पार्टी के सदस्य भी इसे महसूस करने लगे हैं। जनता ऐसे नेता नहीं चाहती जो सिर्फ अड़ियल या नकारात्मक हों, बल्कि उन्हें रचनात्मक और सकारात्मक नेतृत्व चाहिए। इसीलिए कांग्रेस अपनी प्रासंगिकता बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रही है और अक्सर हाशिए पर रही है।”