Thursday, May 28, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति सनातन संस्कृति के साथ शिक्षा में बहुत अच्छा कार्य कर रही एनडीए...

सनातन संस्कृति के साथ शिक्षा में बहुत अच्छा कार्य कर रही एनडीए सरकार: संजय सरावगी

0
27

पटना, 18 जनवरी (आईएएनएस)। पटना में रविवार को अखिल विप्र कल्याणम द्वारा मकर संक्रांति उत्सव एवं संस्कृत संस्कृति–संस्कार समागम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, भाजपा प्रदेश चीफ संजय सरावगी सहित एनडीए के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि विप्र कल्याणम कार्यक्रम लगातार हो रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाले सभी लोग मेहनती हैं। सभी को विप्र माना जाता है। आज हमारी बिहार सरकार सनातन संस्कृति के साथ-साथ शिक्षा के लिए भी बड़े पैमाने पर काम कर रही है। मिथिला में जानकी मंदिर का निर्माण हो रहा है। आज सरकार सनातन संस्कृति और शिक्षा के लिए बहुत अच्छा काम कर रही है।

भाजपा नेता नीरज कुमार सिंह (बबलू) ने कहा कि संस्कृत बोर्ड के चेयरमैन मृत्युंजय झा दूसरी बार इसका आयोजन कर रहे हैं। पहली बार उन्होंने इसकी शुरुआत मेरे घर से की थी। हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। इससे एक पॉजिटिव मैसेज जाएगा और राज्य के लोगों को जोड़ने में मदद मिलेगी।

दिलीप जायसवाल ने कहा कि मेरे सरकारी आवास पर अखिल विप्र कल्याणम् द्वारा आयोजित मकर संक्रांति उत्सव एवं संस्कृत संस्कृति–संस्कार समागम कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर विधिवत पूजा-अनुष्ठान में सम्मिलित होकर भगवान से प्रदेश एवं समाज के कल्याण की प्रार्थना की।

इसके पश्चात दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया तथा उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सनातन परंपराओं, संस्कृत संस्कृति और सामाजिक संस्कारों के संरक्षण व संवर्धन पर अपने विचार साझा किए। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सशक्त करने के साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

विजय सिन्हा ने बताया कि वे पटना में अखिल विप्र कल्याणम द्वारा आयोजित मकर संक्रांति उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि इस दौरान सामाजिक एकता, परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों से ओत–प्रोत वातावरण देखने को मिला। ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति को सुदृढ़ करने के साथ समाज में सौहार्द और समरसता का संदेश देते हैं। सभी प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं।