Thursday, July 2, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन किश्तवाड़ हादसा दुखद, ईश्वर से जम्मू-कश्मीर की खुशहाली के लिए दुआ :...

किश्तवाड़ हादसा दुखद, ईश्वर से जम्मू-कश्मीर की खुशहाली के लिए दुआ : सोहेल खान

0
29

मुंबई, 15 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई में इन दिनों वर्ल्ड पैडल लीग चल रही है। इस लीग में कई बॉलीवुड सेलेब्स और उनकी टीम हिस्सा ले रहे हैं। खान टाइगर्स टीम के मालिक सोहेल खान यहां पर अपनी टीम का हौसला बढ़ाने पहुंचे थे। 

इस दौरान सोहेल खान ने जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बादल फटने से मची तबाही पर भी बात की। उन्होंने कहा, “यह बहुत दुख की बात है, जब भी मैं जम्मू-कश्मीर के बारे में सोचता हूं तो मुझे बहुत दुख होता है। मैं बचपन में वहां गया था। वह जगह बेहद खूबसूरत है, जिसे लोग जन्नत कहते हैं, लेकिन वहां हमेशा कुछ न कुछ समस्याएं होती रहती हैं। मेरी दिली ख्वाहिश और दुआ यही है कि उस क्षेत्र की भलाई हो। ऊपर वाला वहां की सुरक्षा करे और उस स्थान को सुरक्षित और खुशहाल बनाए।”

दरअसल, किश्तवाड़ के चिशोती इलाके में गुरुवार को बादल फटने के बाद अचानक बहाव आने से तबाही मच गई। यह घटना उस जगह हुई, जहां श्री मचैल मंदिर यात्रा के लिए लोग जुटते हैं। यहां पर कई चार पहिया वाहन खड़े रहते हैं। यहां कई अस्थाई दुकानें भी थीं।

एडीसी किश्तवाड़ के अनुसार, श्री मचैल यात्रा अगली सूचना तक स्थगित कर दी गई है। स्थानीय पुलिस-प्रशासन के अलावा एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियां बड़े पैमाने पर राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं।

इस आपदा में 30 से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बचाव और राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं। इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों के अनुसार, वे कभी भी इस घटना को भूल नहीं पाएंगे।

पीएम मोदी ने भी इस पूरे घटना पर नजर बनाई हुई और उन्होंने सीएम उमर अब्दुल्ला से भी इस सिलसिले में फोन पर बातचीत की।

इस घटना के बारे में मध्य प्रदेश के उज्जैन से आए एक शख्स ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि हल्की-हल्की बरसात हो रही थी, लेकिन हमें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि इतनी बड़ी आपदा आ जाएगी। हम किसी तरह अपनी जान बचाकर निकले। यह घटना जिंदगी भर नहीं भूल पाएंगे।