Tuesday, July 14, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल अंडर 19 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान की 8 विकेट से शानदार जीत, हार...

अंडर 19 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान की 8 विकेट से शानदार जीत, हार के बावजूद ‘सुपर-6’ में जिम्बाब्वे

0
34

हरारे, 22 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ ताकाशिंगा स्पोर्ट्स क्लब में गुरुवार को खेले गए आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के 19वें मुकाबले को 8 विकेट से अपने नाम किया। ग्रुप-सी से इंग्लैंड और पाकिस्तान के साथ जिम्बाब्वे ने अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी जिम्बाब्वे की टीम 35.5 ओवरों में महज 128 रन पर सिमट गई। इस टीम को 9 के स्कोर पर पहला झटका लगा। कुपाकवाशे मुरादजी 6 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद टीम निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाती रही।

हालांकि, इस बीच सलामी बल्लेबाज नथानिएल हलाबंगना ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने 1 छक्के और 7 चौकों के साथ 59 रन की पारी खेली। उनके अलावा, ब्रैंडन सेन्जेरे ने 15 रन, जबकि शेल्टन माजवितोरेरा ने नाबाद 12 रन टीम के खाते में जोड़े, लेकिन इनके अलावा, कोई अन्य बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को छू नहीं सका। विपक्षी खेमे से अली रजा ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सैय्याम, अब्दुल सुभान और मोमिन कमर ने 2-2 सफलताएं हासिल कीं।

आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने महज 26.2 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। इस टीम ने 19 के स्कोर पर अली हसन (3) का विकेट गंवा दिया था। यहां से समीर मिन्हास ने उस्मान खान के साथ दूसरे विकेट के लिए 49 रन जुटाए।

उस्मान 23 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद मिन्हास ने अहमद हुसैन के साथ तीसरे विकेट के लिए 64 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई। समीर 75 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों के साथ 74 रन बनाकर नॉटआउट रहे, जबकि अहमद ने 24 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से पनाशे मजाई और माइकल ब्लिग्नॉट ने 1-1 विकेट निकाला।

जिम्बाब्वे को सुपर सिक्स स्टेज में क्वालीफाई करने के लिए चेज को 25.1 ओवर से आगे ले जाना था। 15 ओवरों के बाद यह बहुत मुश्किल लग रहा था। पाकिस्तान 88 रन पर 2 विकेट के साथ आसानी से खेल रहा था, लेकिन इसके बाद जिम्बाब्वे ने अगले दौर के लिए क्वालीफाई करने में सफलता हासिल की।