Tuesday, June 23, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल डब्ल्यूडीपीएल 2025 : क्वींस को हराकर फाइनल में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स

डब्ल्यूडीपीएल 2025 : क्वींस को हराकर फाइनल में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स

0
28

नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 (डब्ल्यूडीपीएल) के फाइनल में जगह बना ली है। इस टीम ने गुरुवार को सीजन के पांचवें मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली क्वींस के खिलाफ 10 रन से जीत दर्ज की। अब यही दोनों टीमें 24 अगस्त को खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी।

अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट खोकर 144 रन बनाए।

टीम महज 9 रन पर छवि गुप्ता (7) का विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद रिया सोनी ने टीम के खाते में 10 रन का योगदान दिया।

सुपरस्टार्स 27 रन तक अपने दो विकेट गंवा चुकी थी। यहां से तनीषा सिंह ने कप्तान श्वेता सहरावत के साथ तीसरे विकेट के लिए 71 रन जोड़ते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। श्वेता 32 गेंदों में 1 छक्के और छह चौकों की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुईं।

कप्तान के पवेलियन लौटने के बाद तनीषा ने शिवि शर्मा के साथ 46 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 144 के स्कोर तक पहुंचाया।

तनीषा 50 गेंदों में 76 रन बनाकर नाबाद रहीं। उनकी इस पारी में तीन छक्के और आठ चौके शामिल रहे, जबकि शिवि ने टीम के खाते में तीन रन जोड़े।

विपक्षी टीम की ओर से मल्लिका खत्री, परुणिका सिसोदिया और निधि महतो ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

इसके जवाब में सेंट्रल दिल्ली क्वींस की टीम शानदार शुरुआत के बावजूद निर्धारित ओवरों में चार विकेट खोकर 134 रन ही बना सकी।

दीक्षा शर्मा ने निशिका सिंह के साथ पहले विकेट के लिए 13 ओवरों में 69 रन जोड़े। निशिका 35 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुईं। इसी स्कोर पर दीक्षा भी पवेलियन लौट गईं।

दीक्षा ने 44 गेंदों में 41 रन की पारी खेली, जिसमें पांच चौके शामिल रहे। साची चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरीं, लेकिन टीम के खाते में दो रन से ज्यादा नहीं जोड़ सकीं।

टीम 14.1 ओवरों में तीन विकेट खोकर 77 रन बना चुकी थी। यहां से मोनिका ने कप्तान परुणिका सिसोदिया के साथ चौथे विकेट के लिए 45 रन जोड़े, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं।

मोनिका ने 18 गेंदों में 24 रन की पारी खेली, जबकि परुणिका ने 18 गेंदों में नाबाद 25 रन बनाए। इनके अलावा निधि महतो ने टीम के खाते में 11 रन का योगदान दिया।

विपक्षी खेमे से दिशा नागर ने सर्वाधिक दो विकेट झटके, जबकि एकता भड़ाना को एक सफलता हाथ लगी।