Tuesday, June 9, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth अरविंद मिश्र को मिलेगा ‘वनमाली विज्ञान कथा सम्मान’

अरविंद मिश्र को मिलेगा ‘वनमाली विज्ञान कथा सम्मान’

0
147

भोपाल : 5 फरवरी/ सुप्रतिष्ठित कथाकार, शिक्षाविद् तथा विचारक जगन्नाथ प्रसाद चौबे ‘वनमाली’ के रचनात्मक योगदान और स्मृति को समर्पित संस्था वनमाली सृजन पीठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कवि-कथाकार संतोष चौबे ने ‘वनमाली विज्ञान कथा सम्मान’ की घोषणा की है। दूसरे वर्ष में घोषित ‘वनमाली विज्ञान कथा सम्मान’ वरिष्ठ विज्ञान कथाकार और विज्ञान संचारक अरविंद मिश्र को दिया जाना सुनिश्चित किया गया है।

यह सम्मान 26 से 28 फरवरी तक आयोजित होने वाले ‘वनमाली कथा अलंकरण समारोह’ में प्रदान किया जाएगा। सम्मानित विज्ञान कथाकार अरविंद मिश्र को 51,000 की राशि, प्रशस्ति पत्र और शॉल श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।

ज्ञात हो कि उत्तरप्रदेश के जौनपुर निवासी अरविंद मिश्र विगत चार दशकों से विज्ञान कथा लेखन कर रहे हैं। वैश्विक विज्ञान कथा साहित्य में हिंदी भाषा के समादर के लिए उनका उल्लेखनीय योगदान है। उनकी उल्लेखनीय कृतियों में एक और क्रौंच वध, राहुल की मंगल यात्रा, कुंभ के मेले में मंगलवासी, विज्ञान कथा का सफर, द स्पेस कक्कू एंड अदर स्टोरीज चर्चित और लोकप्रिय कृतियां हैं।

वनमाली सृजन पीठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरिष्ठ कवि कथाकार श्री संतोष चौबे ने जानकारी देते हुए कहा कि ‘विश्व रंग’ के अंतर्गत वनमाली सृजन पीठ द्वारा प्रदान किए जाने वाले ‘वनमाली कथा सम्मान’ समकालीन कथा परिदृश्य में लोकतान्त्रिक एवं मानवीय मूल्यों की तलाश में जुटे कथा साहित्य की पुनःप्रतिष्ठा करने एवं उसे समुचित सम्मान प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित द्विवार्षिक पुरस्कार है। अब तक वनमाली कथा सम्मान से भारत के सुप्रतिष्ठित रचनाकारों में शुमार ममता कालिया, चित्रा मुद्गल, शशांक, स्वयं प्रकाश, अखिलेश, असगर वजाहत, उदय प्रकाश, मैत्रेयी पुष्पा, प्रभु जोशी, प्रियंवद, गीतांजलिश्री, मनोज रूपड़ा आदि रचनाकारों को अलंकृत किया जा चुका है।

वनमाली विज्ञान कथा सम्मान की स्थापना वर्ष 2021 में की गई थी। इसके पूर्व यह सम्मान वरिष्ठ विज्ञान कथाकार और विज्ञान संचारक देवेंद्र मेवाड़ी को प्रदान किया गया था। विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय लेखन और कार्य करने वाले रचनाकार को यह सम्मान दिया जाता है।