Tuesday, June 23, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल दिल्ली प्रीमियर लीग : खिताब सीआईएसएफ ने, मैच और दिल गढ़वाल ने...

दिल्ली प्रीमियर लीग : खिताब सीआईएसएफ ने, मैच और दिल गढ़वाल ने जीता

0
63

नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। हालांकि सीआईएसएफ प्रोटेक्टर्स ने एक मैच शेष रहते दिल्ली प्रीमियर लीग थ्री का खिताब अपने नाम कर लिया था लेकिन अंतिम मुकाबले की खानापुरी के चलते गढ़वाल हीरोज एफसी ने चैंपियन को 1-0 से पीट कर ना सिर्फ दूसरा स्थान अर्जित किया बल्कि एक दिन पहले खोई प्रतिष्ठा को फिर से अर्जित भी किया l विजयी गोल मनभाकुपार मालगियांग ने जमाया l दिल्ली सरकार के उप मुख्यमंत्री और पीडब्लूडी मिनिस्टर प्रवेश वर्मा ने खिलाड़ियों को पुरस्कार बांटे l

पुलिस खेलों की विजेता सीआईएसएफ का हौसला बढ़ाने के लिए स्टेडियम में सैकड़ों पुलिस के जवान मौजूद थे लेकिन सीआईएसएफ अपने प्रशंसकों की कसौटी पर खरी नहीं उतर पाई l शुरुआत धीमी रही लेकिन धीरे धीरे गढ़वाल ने मैच पर पकड़ ली और पुलिस कर्मियों पर पकड़ बनाए रखी l हमलावर रुख अपना कर गढ़वाल ने प्रतिद्वंद्वी को हैरान-परेशान किया लेकिन गोल पर सही निशाना नहीं लगा पाए l

मनभाकुपार मालगियांग, ईशान बोक, पियूष भंडारी और वंश वदान आसान मौकों का लाभ नहीं उठा पाए l लेकिन पाला बदलने के बाद भी गढ़वाल ने आक्रामक रुख अपनाए रखा l अंततः गढ़वाल के लिए मनभाकुपार गोल जमाने में सफल रहा l उसके पैंतीस गज की दूरी से जमाए शॉट को सीआईएसएफ का गोलकीपर देखता रह गया l

इस प्रकार खिताबी जीत के साथ गढ़वाल ने एक दिन पहले रॉयल रेंजर्स के हाथों खोई प्रतिष्ठा को फिर से अर्जित कर लिया l एक टीम के रूप में गढ़वाल ने चैंपियन जैसा प्रदर्शन किया लेकिन पुलिस खेलों की विजेता टीम खिताब जीतने के बावजूद दिल नहीं जीत पाई l

विजेता टीम के भारत मेहरा, ऋतिक रावत, गौरव बोहरा,, होकिप और नीतज धामी ने प्रतिद्वंद्वी फारवर्ड्स पर कड़ी नजर रखी और उन्हें जरा भी आजादी नहीं लेने दी l बेशक, गढ़वाल ने आज अपना सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया l तीसरे स्थान पर रॉयल रेंजर्स रही l