Tuesday, June 23, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय मॉस्को और वाशिंगटन यूक्रेन संकट को सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध : क्रेमलिन

मॉस्को और वाशिंगटन यूक्रेन संकट को सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध : क्रेमलिन

0
116

मॉस्को, 24 मार्च (आईएएनएस)। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने सोमवार को कहा कि मॉस्को और वाशिंगटन यूक्रेन संकट को हल करने के प्रयासों के साथ आगे बढ़ने की पारस्परिक इच्छा रखते हैं। यह बयान ऐसे समय में आया जब रियाद में रूस और अमेरिकी अधिकारियों ने शांति वार्ता की।

पेस्कोव ने कहा कि दोनों देश शांतिपूर्ण समाधान के मार्ग पर चलने की ‘इच्छा और तत्परता’ रखते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच एक आपसी समझ है।

क्रेमलिन के प्रवक्ता ने कहा कि सऊदी अरब की राजधानी रियाद में वर्तमान में अमेरिकी और रूसी प्रतिनिधिमंडलों के बीच चल रही वार्ता के दौरान कई तकनीकी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा, “सामान्य तौर पर, समझौते से संबंधित कई विभिन्न पहलुओं पर अभी भी काम किया जाना बाकी है।”

प्रवक्ता ने यह भी कहा कि वार्ता में ‘ब्लैक सी इनिशिएटिव’ की संभावित बहाली के बारे में भी विवरण शामिल होंगे, जिसका मुख्य उद्देश्य काले सागर में युद्धविराम लागू कर समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

पेसकोव ने दोहराया कि देश की सेनाएं यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले रोकने के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आदेश का पालन कर रही हैं।

बता दें अमेरिका और रूसी प्रतिनिधिमंडलों ने सोमवार को सऊदी अरब में वार्ता के एक नए दौर की शुरुआत की। वार्ता का उद्देश्य यूक्रेन में व्यापक युद्ध विराम की दिशा में आगे बढ़ना है।

वाशिंगटन व्यापक समझौते तक पहुंचने से पहले एक अलग ‘काला सागर समुद्री युद्ध विराम समझौते’ पर विचार कर रहा है। यह वार्ता, रविवार को सऊदी अरब में यूक्रेन के साथ अमेरिका की वार्ता के बाद हुई।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले सप्ताह यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दोनों से बात करने के बाद तीन साल पुराने संघर्ष को समाप्त करने के अपने प्रयास को तेज कर दिया है।

व्हाइट हाउस का कहना है कि वार्ता का उद्देश्य काला सागर में समुद्री युद्ध विराम पर पहुंचना है, ताकि जहाजों का मुक्त आवागमन हो सके, हालांकि हाल के महीनों में यह क्षेत्र गहन सैन्य अभियानों का स्थान नहीं रहा है।