Wednesday, June 10, 2026
SGSU Advertisement
Home राज्य भोपाल में आंधी-तूफान के बाद बिजली आपूर्ति तेजी से बहाल, ऊर्जा मंत्री...

भोपाल में आंधी-तूफान के बाद बिजली आपूर्ति तेजी से बहाल, ऊर्जा मंत्री ने उपभोक्ताओं और बिजली कर्मियों की सराहना की

0
11

प्राकृतिक आपदा के बीच युद्धस्तर पर चला मरम्मत कार्य, 350 से अधिक प्रभावित फीडरों की आपूर्ति हुई सामान्य

भोपाल, 5 जून। राजधानी भोपाल में गुरुवार शाम आए तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश के कारण उत्पन्न विद्युत व्यवधान के बाद बिजली कंपनी के मैदानी अमले ने युद्धस्तर पर कार्य करते हुए अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति तेजी से बहाल कर दी। इस दौरान ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने विषम परिस्थितियों में कार्यरत बिजली कर्मियों की तत्परता तथा उपभोक्ताओं द्वारा प्रदर्शित धैर्य और सहयोग की सराहना की है।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा जैसी परिस्थितियों में आमजन और बिजली उपभोक्ताओं का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं का विश्वास और धैर्य ही बिजली कर्मचारियों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।

बिजली कंपनी ने जताया उपभोक्ताओं के प्रति आभार

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने विद्युत आपूर्ति बहाली के दौरान उपभोक्ताओं द्वारा किए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कंपनी अपने सभी उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रबंध संचालक ने बिजली कंपनी के मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सजगता, तत्परता और सक्रियता के कारण न्यूनतम समय में बिजली आपूर्ति बहाल करना संभव हो सका।

80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी से प्रभावित हुई थी व्यवस्था

गुरुवार शाम लगभग 7:30 बजे भोपाल शहर में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज आंधी और भारी वर्षा के कारण अनेक स्थानों पर पेड़ और शाखाएं विद्युत लाइनों पर गिर गईं। इससे बिजली के पोल और लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं तथा शहर के 350 से अधिक 11 केवी फीडर प्रभावित हुए।

चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद बिजली कंपनी की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चरणबद्ध तरीके से विद्युत आपूर्ति बहाल करने का कार्य शुरू किया। रात्रि 8:30 बजे तक 165 फीडरों की आपूर्ति पुनः शुरू कर दी गई, जबकि रात 9:30 बजे तक अतिरिक्त 66 फीडरों की विद्युत आपूर्ति भी बहाल कर दी गई।

पूरी रात चला राहत और मरम्मत अभियान

बिजली कंपनी के मैदानी अमले ने पूरी रात लगातार कार्य करते हुए शुक्रवार सुबह 4:30 बजे तक सभी प्रभावित 11 केवी फीडरों के अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी। इसके बाद कंपनी की 10 से अधिक विशेष टीमों ने विभिन्न इलाकों में शेष तकनीकी समस्याओं का निराकरण करते हुए शुक्रवार दोपहर तक विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी।

इसके साथ ही कंपनी की 30 से अधिक टीमों ने उपभोक्ताओं की व्यक्तिगत शिकायतों (एफओसी) का भी शत-प्रतिशत निराकरण किया।

संकट की घड़ी में दिखाई दक्षता

तेज आंधी और भारी बारिश से उत्पन्न असाधारण परिस्थितियों के बावजूद मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की टीमों ने त्वरित समन्वय, तकनीकी दक्षता और निरंतर प्रयासों के माध्यम से विद्युत व्यवस्था को कम समय में सामान्य कर दिया। ऊर्जा मंत्री और कंपनी प्रबंधन ने इस कार्य को टीमवर्क, प्रतिबद्धता और उपभोक्ता सेवा के उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में बताया है।