Monday, June 29, 2026
SGSU Advertisement
Home खबर भारत 2047 तक 35 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर:...

भारत 2047 तक 35 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर: पीयूष गोयल

0
123

नई दिल्ली, 19 फरवरी (आईएएनएस)। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षा मौजूदा 3.7 ट्रिलियन (लाख करोड़) डॉलर की भारतीय अर्थव्यवस्था को 2047 तक 30-35 ट्रिलियन डॉलर की पूर्ण विकसित अर्थव्यवस्था बनाना और देश की खाद्य तथा ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

गोयल ने 19 लैटिन अमेरिकी और कैरेबियाई देशों के 35 पत्रकारों के एक मीडिया प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले दशक में सुशासन के साथ-साथ गरीबों के कल्याण से संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की समग्र विजन ने भारत को 11वीं से दुनिया की पाँचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने में मदद की।

उन्होंने कहा, “देश 2027 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है।”

उन्होंने पीएम मोदी के दोहरे मार्ग – देश को भविष्य के लिए तैयार करने और भोजन, स्वास्थ्य देखभाल तथा शिक्षा से संबंधित गरीबों के कल्याण पर ध्यान केंद्रित करने के लिए देश के व्यापक आर्थिक बुनियादी सिद्धांतों को मजबूत करने के सतत प्रयास की सराहना की।

मंत्री ने कहा कि भारत ने आजादी के पिछले 75 वर्षों में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला दशक देखा है। पिछले 12 साल में मुद्रास्फीति (महँगाई दर) आधी हो गई है, जिससे अर्थव्यवस्था को लाभ हुआ है और ब्याज दरें नियंत्रण में हैं।