भोपाल : 23 जून/ रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) की एनसीसी इकाई के कैडेट्स ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। विश्वविद्यालय की बीएससी. एग्रीकल्चर तृतीय वर्ष की छात्रा पीओ कैडेट दीक्षा अहिरवार और बीए एलएलबी द्वितीय वर्ष की छात्रा कैडेट फिरदौश ने राष्ट्रीय स्तर के स्पेशल एडवेंचर कैंप में भाग लिया। यह एडवेंचर कैंप जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग (जेआईएम) द्वारा आयोजित किया गया। जहां दोनों छात्राओं ने कई साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण लिया।
दोनों कैडेट्स ने कैंप के दौरान रोप नॉट्स एंड हिचेस, रोप कॉइलिंग, बेस प्रिपरेशन, एंकरिंग एवं बिलेइंग, बोल्डरिंग, क्लाइम्बिंग एवं रैपलिंग, आर्टिफिशियल क्लाइम्बिंग, जिप लाइनिंग, स्ट्रीम क्रॉसिंग, जुमारिंग, ऑब्स्टेकल कोर्स, टेंट पिचिंग, ट्रेकिंग तथा सर्वाइवल टेक्निक्स जैसी विभिन्न साहसिक और पर्वतारोहण गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
विश्वविद्यालय के एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट मनोज सिंह मनराल ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना तथा कठिन परिस्थितियों में कार्य करने की दक्षता का विकास करना है। दोनों कैडेट्स ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, समर्पण और साहसिक जज्बे के माध्यम से विश्वविद्यालय एवं एनसीसी इकाई का नाम गौरवान्वित किया है।
इस उपलब्धि पर दोनों कैडेट्स दीक्षा अहिरवार और फिरदौश को एनसीसी के अधिकारियों, विश्वविद्यालय प्रशासन और विद्यार्थियों ने बधाई दी है। साथ ही प्रसन्नता जाहिर करते हुए दोनों के उज्जवल भविष्य की कामना भी की है। दोनों की प्रतिभा अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा है।
वहीं कुलपति प्रो. आरपी दुबे ने बताया कि आरएनटीयू विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। एनसीसी में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर उन्हें नई चुनौतियों का सामना करने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया जाता है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि एक सक्षम, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक के रूप में भी विकसित करना है।







