मिडिल क्लास फैमिली का कम हुआ थिएटर जाना, सोनाक्षी सिन्हा के पास है जवाब

0
7

मुंबई, 22 जून (आईएएनएस)। अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की अपकमिंग फिल्म ‘निकिता रॉय’ सिनेमाघरों में रिलीज को तैयार है। इस बीच अभिनेत्री ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात की और बताया कि मिडिल क्लास फैमिली अब सिनेमाघरों में कम क्यों जा रही है।

आईएएनएस से बात करते हुए सोनाक्षी ने कहा कि परिवारों के लिए मनोरंजक फिल्मों की कमी नहीं है, लेकिन टिकटों की बढ़ती कीमतें और घर पर उपलब्ध कंटेंट सिनेमाघरों से दूर रख रहा है।

‘अकीरा’ और ‘दबंग’ फेम एक्ट्रेस ने स्पष्ट किया कि परिवारों के लिए मनोरंजक फिल्में बनना बंद नहीं हुई हैं, बल्कि सिनेमाघरों का अनुभव अब आम परिवारों के लिए महंगा हो गया है।

उन्होंने कहा, “परिवारों की कहानियों की कमी नहीं है। बस परिवार सिनेमाघर जा नहीं रहे। फिल्में और पारिवारिक कहानियां बन रही हैं, लेकिन कंटेंट के कई ऑप्शन ओटीटी के रूप में उपलब्ध हैं। सिनेमाघरों का खर्च आम परिवारों के लिए बहुत ज्यादा हो गया है। यही वजह है कि लोग कम जा रहे हैं। लेकिन, कहानियां और फिल्में मौजूद हैं।”

सोनाक्षी ने अपनी फिल्म ‘निकिता रॉय’ के बारे में बताया कि यह एक ऐसी फिल्म है, जो परिवार और दोस्तों के साथ सिनेमाघर में देखने का शानदार अनुभव देगी। उन्होंने कहा, “यह फिल्म रोमांच और मनोरंजन से भरी है। यह दोस्तों और परिवार के साथ देखने के लिए बिल्कुल सही है।”

38 वर्षीय अभिनेत्री ने एक अच्छी कहानी के बारे में भी अपनी राय दी। उन्होंने कहा, “आजकल लोगों का ध्यान जल्दी भटक जाता है। कहानी ऐसी होनी चाहिए, जो शुरू से ही दर्शकों को बांधे रखे। चाहे वह थ्रिलर हो, ड्रामा हो या इमोशनल… भावनात्मक जुड़ाव जरूरी है, ताकि दर्शक अंत तक उसके साथ बंधे रहें।”

‘निकिता रॉय’ में सोनाक्षी के साथ परेश रावल, अर्जुन रामपाल और सुहैल नायर मुख्य भूमिकाओं में हैं। कुश सिन्हा की पहली निर्देशित यह फिल्म 27 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।