Tuesday, August 25, 2026
spot_img
Home मनोरंजन बहन सोनाक्षी सिन्हा ‘निकिता रॉय’ के लिए परफेक्ट : कुश सिन्हा

बहन सोनाक्षी सिन्हा ‘निकिता रॉय’ के लिए परफेक्ट : कुश सिन्हा

0
54

मुंबई, 22 जून (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता कुश सिन्हा ने अपनी पहली निर्देशित फिल्म ‘निकिता रॉय’ में बहन सोनाक्षी सिन्हा को मुख्य भूमिका में चुनने की वजह बताई। कुश ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय पूरी तरह से सोनाक्षी के टैलेंट और योग्यता पर आधारित था।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कुश ने बताया, “मेरे लिए सोनाक्षी इस किरदार के लिए सबसे सही थीं। उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और अभिनय की विविधता कमाल की है। उनकी फिल्में ‘अकीरा’, ‘लुटेरा’ और ‘दबंग’ में उनका काम देखकर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि उनके पास कमाल के एक्टिंग स्किल्स हैं। वह किरदारों में गहराई से उतरती हैं और स्क्रीन पर शानदार तरीके से निभाती हैं।”

उन्होंने आगे बताया कि शुरू से ही उन्हें यकीन था कि सोनाक्षी ‘निकिता रॉय’ के किरदार को जीवंत कर देंगी, वह इस रोल के लिए परफेक्ट हैं।

फिल्म ‘निकिता रॉय’ को निर्देशित करने की प्रेरणा के बारे में कुश ने कहा, “मुझे इसकी कहानी ने आकर्षित किया। यह कहानी नई है, जो दर्शकों को बांधे रखेगी। फिल्म के हर एक किरदार जैसे निकिता रॉय, जॉली, अमरदेव और फ्रेया में कुछ न कुछ बेहद खास है, जब किरदार मजबूत होते हैं, तो कहानी अपने आप दमदार बन जाती है। यही इस प्रोजेक्ट को खास बनाता है।”

स्क्रिप्ट राइटर पवन कृपालानी का जिक्र करते हुए कुश ने फिल्म बनाने में सबसे बड़ी चुनौती के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया, “सबसे मुश्किल काम स्क्रिप्ट को बेहतर बनाना था। पवन कृपालानी ने शानदार स्क्रिप्ट लिखी, लेकिन हमें इसे और गहरा करना था। स्क्रिप्ट को फिर से लिखना और उसे निखारना रचनात्मक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण था। लेकिन, यही फिल्म मेकिंग का हिस्सा है।”

अपकमिंग फिल्म ‘निकिता रॉय’ में सोनाक्षी सिन्हा के साथ परेश रावल, अर्जुन रामपाल और सुहैल नायर भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 27 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।