Friday, June 12, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय एआई आधारित नवाचार विकसित भारत के लक्ष्य को पाने में मददगार: सीएम...

एआई आधारित नवाचार विकसित भारत के लक्ष्य को पाने में मददगार: सीएम मोहन यादव

0
23

भोपाल, 15 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी में आयोजित ‘मध्य प्रदेश रीजनल एआई इंपैक्ट कांफ्रेंस-2026’ का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि एआई आधारित नवाचार विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में प्रभावी रूप से सहायक होंगे। वहीं, राज्य सरकार जल्दी ही एआई नीति लाएगी।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार एआई को नागरिक-केंद्रित, पारदर्शी और कुशल शासन की आधारशिला के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है। एआई आधारित प्रशासनिक व्यवस्था और प्रबंधन, तकनीक-प्रौद्योगिकी और अकादमिक क्षेत्र में एआई आधारित नवाचार विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में प्रभावी रूप से सहायक होंगे।

उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर क्षेत्र में भारत को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण का अध्ययन केंद्र और शंकराचार्य की साधना का केंद्र भी है।

मुख्यमंत्री यादव ने आगे कहा कि राज्य सरकार मानवीय संवेदनाओं के साथ आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार सभी विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए एआई का उपयोग कर रही है। एआई वर्तमान समय में शासन, उद्योग और समाज के लिए एक परिवर्तनकारी शक्ति है। हमारा राज्य जल्द ही एआई नीति भी लाएगा और एआई के लिए मिशन मोड पर व्यापक रूप से कार्य किया जाएगा।

उन्‍होंने कहा क‍ि प्रदेश के माइनिंग और हेल्थ सेक्टर में एआई के उपयोग की बड़ी संभावनाएं हैं। मध्य प्रदेश अपार संभावनाओं वाला राज्य है, जिसमें आगे बढ़ने की पर्याप्त क्षमता है। विकसित भारत के लक्ष्य प्राप्ति में हमारी सरकार हर कदम पर प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुरूप कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री यादव ने एआई लिटरेसी मिशन के तहत फ्यूचर स्किल्स फॉर एआई पावर्ड भारत के लिए कौशल रथ को झंडी दिखाकर रवाना किया और मध्य प्रदेश स्पेस टेक नीति-2026 लांच की। सीएम की उपस्थिति में विभिन्न समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान हुआ।

मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा है कि एआई के उपयोग से प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी और निर्णय प्रक्रिया अधिक तेज, सटीक और नागरिक-केंद्रित होगी। यह कांफ्रेंस आगामी इंडिया एआई इंपैक्ट समिट-2026 से पूर्व देश में एआई इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। पीएम मोदी द्वारा निर्धारित सतत आर्थिक विकास लक्ष्य को प्राप्त करने में गवर्नेंस में एआई की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।