Thursday, July 30, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति तेजस्वी यादव को हराने के लिए उनके काम ही काफी हैं :...

तेजस्वी यादव को हराने के लिए उनके काम ही काफी हैं : संजय जायसवाल

0
27

पटना, 6 फरवरी (आईएएनएस)। भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार किया। तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा में बजट सत्र के दौरान कहा कि उन्हें हराने के लिए भाजपा-एनडीए ने 40 हजार करोड़ रुपए खर्च किए। तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाओं के बैंक खाते में 10 हजार रुपए भेजे गए, जिसके कारण एनडीए को महिलाओं का वोट मिला।

इस पर भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि तेजस्वी यादव को हराने के लिए उनके काम ही काफी हैं। साढ़े चार लाख रुपए में उन्होंने डिफेंस कॉलोनी में मकान खरीदा। उनकी पार्टी के कार्यकाल में अपहरण, हत्या और रंगदारी वसूली जाती थी। शाम छह बजे के बाद सड़कें सूनी हो जाती थीं। पहले तो वे अपनी करतूत और अपने मां-बाप के कर्मों के लिए माफी मांगें, उसके बाद उनकी कुछ बात बन सकती है।

उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की हैसियत नहीं है कि वे बिहार की महिलाओं के बारे में कुछ भी कहें। पहले जाकर अपनी मां और बहनों से पूछें, फिर टिप्पणी करें।

संजय जायसवाल ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी के बयानों में गंभीरता कभी नहीं दिखाई देती है। वे बर्दाश्त नहीं कर पाते हैं कि एक गरीब घर से आया शख्स आज देश का प्रधानमंत्री है। राहुल गांधी के लिए अच्छा है कि वे विदेशी दौरों पर जाएं और शांति से रहें। राहुल गांधी परिपक्व नहीं हैं।

जेपी नड्डा के अबोध बालक वाले बयान का जिक्र करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि राज्यसभा में जेपी नड्डा ने उन्हें अबोध इसीलिए कहा क्योंकि, उनका बर्ताव भी कुछ ऐसा ही रहता है। वह देश को अपनी पार्टी की तरह समझते हैं। लेकिन, भारत की जनता अपने भविष्य के लिए प्रधानमंत्री मोदी के साथ है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सिखों का अपमान किया है। उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत बिट्टू को गद्दार कहा। यह उनकी मानसिकता को दिखाता है। भाजपा सांसद ने कहा कि जिस कौम ने देश के लिए न जाने कितनी कुर्बानियां दी, उस कौम से आने वाले शख्स का अपमान करना राहुल गांधी को शोभा नहीं देता है।