प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से रोहतास की महिलाओं की बढ़ी आमदनी, पीएम मोदी को कहा ‘धन्यवाद’

0
7

रोहतास, 27 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत सासाराम रेलवे मैदान में तीन दिवसीय प्रदर्शनी सह व्यापार मेले का उद्घाटन रोहतास की जिलाधिकारी उदिता सिंह ने किया।

जिलाधिकारी उदिता सिंह ने बताया कि कृषि प्रधान जिला रोहतास पहले से औद्योगिक क्षेत्र में शामिल रहा है और अब केंद्र तथा राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से लोग रोजगार और व्यवसाय की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे जिला लघु उद्योग की दिशा में अग्रसर होता जा रहा है।

सासाराम रेलवे मैदान में पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी सह व्यापार मेले का उद्घाटन करने के बाद जिलाधिकारी उदिता सिंह ने स्टॉल पर रखे निर्मित सामानों का जायजा लिया। इसके संबंध में उन्हें जिला उद्योग पदाधिकारी आशीष रंजन ने विस्तृत जानकारी दी।

जिलाधिकारी उदिता सिंह ने लाभार्थियों के लगे स्टॉल से उनके निर्मित सामान की खरीदारी भी की। कई सामग्री आकर्षण का केंद्र भी बनी रही। जिले के विभिन्न इलाकों से पहुंची महिला लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की सराहना करते हुए लोगों से इस योजना से जुड़कर कारोबार करने की अपील की।

प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से कई लाभार्थियों की बदलती आर्थिक स्थिति के साथ जीवनशैली में भी सुधार हुआ है। महिलाओं ने इसे साझा करते हुए लोगों को लघु उद्योग से जुड़ने के लिए इसे एक अच्छी योजना बताया।

प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की लाभार्थी रूबी देवी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि मेरे पति नहीं हैं, मैं अपने दो बच्चों की देखभाल खुद ही करती हूं। पहले मैं सिलाई करके किसी तरह अपना घर चलाती थी, लेकिन प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से मुझे सिलाई मशीन मिली। इससे मेरा काम बढ़ गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया।

प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत काम करने वाली दिव्यांग रीवा कुमारी ने कहा कि मैं सिलाई-कढ़ाई करके अपना भरण-पोषण करती हूं। मुझे भी योजना का लाभ मिला है। मैं अन्य महिलाओं से भी अपील करती हूं कि वे इससे जुड़ें और इसका फायदा लें। इससे उनकी बेरोजगारी दूर होगी।

प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की लाभार्थी उषा देवी का कहना है कि मैं खिलौने, टेडी बियर आदि बनाती हूं। सिलाई-कढ़ाई का भी काम करती हूं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस योजना के तहत लोगों को फायदा मिल रहा है, आप भी इससे जुड़ें।