मोतिहारी, 2 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण के जिला मुख्यालय मोतिहारी के एक बड़े होटल में रविवार रात चल रही शराब पार्टी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सिविल सर्जन कार्यालय के क्लर्क सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूत्रों से सूचना मिली थी कि होटल के अंदर कुछ रसूखदार शराब पार्टी कर रहे हैं।
बिहार के मोतिहारी के एक होटल में रविवार रात चल रही शराब पार्टी कर रहे सिविल सर्जन कार्यालय के क्लर्क सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि होटल में कुछ रसूखदार शराब पार्टी कर रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए होटल के भीतर छापा मारा। पुलिस टीम जैसे ही कमरे में दाखिल हुई, वहां शराब की बोतलें, चखना और पार्टी का सामान सजा हुआ मिला। पुलिस ने मौके पर ही सदर अस्पताल के प्रधान लिपिक अर्पण कुमार दास, होटल संचालक और अन्य छह लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में कुल 80 हजार रुपये भी बरामद किए गए।
प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी हेमंत कुमार सिंह ने बताया कि वहां से बड़ी रकम मिलने से इस बात की आशंका है कि शराब पार्टी में कोई बड़ी डील होने वाली थी। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। होटल मालिक और क्लर्क से बरामद रकम के स्रोत, कॉल डिटेल्स भी खंगाले जा रहे हैं। मोतिहारी पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से शहर के अन्य होटल संचालकों और शराब के शौकीनों के बीच हड़कंप मच गया है।
प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत कुमार सिंह ने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है और सरकारी पद पर बैठे लोग यदि इसे तोड़ेंगे, तो उन पर और भी कड़ी कार्रवाई होगी। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार किए गए सभी लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की खेप उन तक कैसे पहुंची थी। बता दें कि होली को लेकर मोतिहारी पुलिस नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार छापेमारी कर रही है। इसके खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पिछले महीने चलाए गए अभियान में 89 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि 66 मामले दर्ज किए गए हैं।

