पश्चिम बंगाल चुनाव : उत्तर 24 परगना में टीएमसी कार्यकर्ता की हत्या, चुनाव से पहले इलाके में सनसनी

0
7

कोलकाता, 19 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद जहां राजनीतिक माहौल गर्म है, वहीं उत्तर 24 परगना जिले के मीनाखान इलाके से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है।

टीएमसी के एक स्थानीय कार्यकर्ता का शव गुरुवार सुबह बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 38 वर्षीय मोशियुर काजी के रूप में हुई है, जो हारोआ विधानसभा क्षेत्र के गंगनिया गांव के निवासी थे।

स्थानीय लोगों का दावा है कि काजी इलाके में टीएमसी के सक्रिय कार्यकर्ता थे। यह घटना मीनाखान विधानसभा क्षेत्र के सोनापुकुर-शंकरपुर ग्राम पंचायत के तहत झुझुरगाछा गांव की है। गुरुवार सुबह जब ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक शव देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। शव पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान थे और चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था।

सूचना मिलते ही हारोआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। चुनाव से ठीक पहले टीएमसी कार्यकर्ता की इस हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

मृतक के भाई ने बताया, “हमें सुबह खबर मिली। जब हमने शव देखा तो पहचान में आया कि यह मेरे भाई का है। उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। इसमें पुरानी राजनीतिक दुश्मनी का मामला है। हमें न्याय चाहिए।”

वहीं, बसीरहाट पुलिस जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मृतक का चेहरा इतनी बुरी तरह से बिगाड़ दिया गया था कि पहली नजर में कोई पहचान नहीं पाया। काफी देर तक देखने के बाद ही स्थानीय लोग उसे पहचान सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस जांच कर रही है कि हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश थी या कोई पुरानी दुश्मनी। जानकारी के मुताबिक, मृतक बुधवार रात घर से यह कहकर निकले थे कि वे काम से जा रहे हैं, लेकिन वापस नहीं लौटे। गुरुवार सुबह शव मिलने की खबर के बाद परिवार मौके पर पहुंचा और पहचान की।