आजादपुर मेट्रो के मेट्रो लाइन केबल चोरी के मामले में एक और गिरफ्तारी

0
6

नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। आजादपुर मेट्रो के मेट्रो लाइन केबल चोरी के मामले में एक और गिरफ्तारी की गई है, साथ ही 30 मीटर केबल भी बरामद किया गया है। 12 मार्च को वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोपी की पहचान जहांगीरपुरी के रहने वाले 23 वर्षीय शाहिद के रूप में हुई है। शाहिद के पास से 30 मीटर तांबे का केबल बरामद किया है। बाकी आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। दो और आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी के लिए टीमें जुटी हुई हैं।

बता दें कि 8 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक के नए 9.9 किमी मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन किया था। इसके चार दिन बाद 12 मार्च को सुबह 4:20 बजे के आसपास भलस्वा और मजलिस पार्क स्टेशनों के बीच सिग्नलिंग केबल चोरी होने की घटना सामने आई थी। एक आरोपी को पहले गिरफ्तार कर लिया गया था। चोरी की वजह से मेट्रो का सिग्नल सिस्टम बुरी तरह से प्रभावित हो गया था। मेट्रो सेवाएं बाधित हो गई थीं। प्रभावित सेक्शन में ट्रेनों की स्पीड 60-80 किमी प्रति घंटे से घटाकर 25 किमी प्रति घंटा कर दी गई, जिससे यात्रियों को भारी देरी और असुविधा का सामना करना पड़ा था।

आरोपी के पास से पुलिस ने 170 से 180 मीटर जली हुई केबल बरामद की थी। डीएमआरसी के ओसीसी/एमबी सिग्नल कंट्रोलर एमआरएस मजलिस पार्क से सिग्नलिंग केबल चोरी होने की जानकारी मिली थी। मिली जानकारी पर रात में गश्त करने वाली टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। टीम ने पास के जंगल में तांबे के लिए तार पिघलाते हुए देखा था।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। आजादपुर मेट्रो पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता और डीएमआरसी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज की गई थी। बता दें कि 8 मार्च महिला दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली मेट्रो के दो कॉरिडोर का उद्घाटन किया था।