Saturday, May 30, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध दिल्ली के प्रशांत विहार में झपटमारी के आरोप में युवक गिरफ्तार, मोबाइल...

दिल्ली के प्रशांत विहार में झपटमारी के आरोप में युवक गिरफ्तार, मोबाइल छीनने के मामले में था वांटेड

0
19

नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के प्रशांत विहार इलाके में पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक झपटमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सन्नी उर्फ नागिन (26) मुबारकपुर डबास स्थित भाग्य विहार का रहने वाला है और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रशांत विहार थाने में दर्ज एक पुराने मामले में वांछित था। यह मामला वर्ष 2019 का है, जिसमें एक नाबालिग लड़की से मोबाइल फोन छीनने की घटना सामने आई थी। घटना के दिन लड़की अपने घर से रोहिणी सेक्टर-13 की ओर जा रही थी। रास्ते में सर्विस रोड पर दो युवक मोटरसाइकिल पर आए और उसका मोबाइल छीनकर भागने लगे। लड़की के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया था। इसी मामले में सन्नी उर्फ नागिन की तलाश की जा रही थी।

जांच के दौरान आरोपी को जमानत मिल गई थी, लेकिन उसने अदालत के निर्देशों का पालन नहीं किया और लगातार गैरहाजिर रहने लगा। इसके बाद अदालत ने उसे नवंबर 2023 में घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

हाल ही में अपराध शाखा को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी सुल्तानपुरी इलाके में सक्रिय है। इस सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी जानकारी और स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। 2 अप्रैल को पुलिस ने जाल बिछाकर उसे सुल्तानपुरी से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि सन्नी उर्फ नागिन आदतन अपराधी है और पहले भी कई वारदात में शामिल रहा है। उसके खिलाफ झपटमारी, लूटपाट और हथियारों से जुड़े करीब 19 मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है और इलाके में दहशत का कारण बना हुआ था।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह किन-किन मामलों में और शामिल रहा है। इस गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे इलाके में अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।