असम में अमित शाह की रैली के बाद भाजपा प्रत्याशी बोले, जनता पीएम मोदी के साथ

0
9

दूधनोई, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा के वरिष्ठ नेता से लेकर केंद्रीय मंत्री तक सभी ने चुनावी मोर्चा संभाल लिया है। शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गोलपाड़ा जिले के दूधनोई में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने घुसपैठ से लेकर यूसीसी के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा।

अमित शाह की रैली के बाद से भाजपा प्रत्याशियों ने आईएएनएस से बातचीत में दावा किया कि गृहमंत्री की चुनावी सभा के बाद से माहौल भाजपा के पक्ष में है।

भाजपा प्रत्याशी टंकेश्वर राभा ने कहा कि माहौल खुशी से भरा हुआ है। यह पहली बार हुआ है, जब गृह मंत्री यहां आए हैं। यह हमारे लिए गर्व का क्षण है और उन्होंने हमें मार्गदर्शन दिया है। विकास के कार्यों को लेकर हम लोग चलेंगे। हम लोग बहुत खुश हैं। जनता पीएम मोदी के नेतृत्व के साथ है।

अमित शाह के घुसपैठ वाले बयान पर भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि घुसपैठ का मुद्दा काफी अहम है। यहां पर बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं जो आदिवासी समाज के अधिकारों को छीन रहे हैं। यहां आदिवासियों की संख्या बहुत कम है, क्योंकि घुसपैठिए बढ़ रहे हैं। उन्होंने कल्चर और हमारी जमीनें हड़प ली हैं। अमित शाह ने भी बताया है कि चुन-चुनकर घुसपैठियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।

असम में यूसीसी को लेकर भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि असम में यूसीसी लाना बेहद जरूरी है।

भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि कांग्रेस के विधायकों ने अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्रों में काम नहीं किया। कांग्रेस आदिवासियों के साथ नहीं है, वह तो बाहर से आए घुसपैठियों को संरक्षण देने में लगी है। यहां की जनता विकास के साथ है। असम में अगली सरकार भाजपा की बननी तय है।

भाजपा प्रत्याशी पबित्रा राभा ने कहा कि अमित शाह जिन्हें राजनीति का चाणक्य बुलाया जाता है, आज उनका मार्गदर्शन मिला है। भाजपा से जनता को काफी लगाव है। भाजपा ही विकास कर सकती है। हम लोग चुनाव जीतने जा रहे हैं।

यूसीसी को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार जो भी फैसला लेगी, हम लोग साथ हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जमीन असम में खिसक चुकी है और कांग्रेस 20 सीट के नीचे आने वाली है।