Saturday, August 15, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध गांधीनगर में आईपीएल सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार, 5.30 लाख...

गांधीनगर में आईपीएल सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार, 5.30 लाख कैश जब्त

0
36

गांधीनगर, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। गुजरात के गांधीनगर में टाटा आईपीएल मैच के दौरान क्रिकेट बेटिंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को उसके पास से 5.30 लाख रुपए सहित कई समान बरामद हुए है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को एक खास मुखबिर से सूचना मिली थी कि इन्फोसिटी सर्कल के पास एक व्यक्ति ऑनलाइन क्रिकेट बेटिंग का धंधा चला रहा है। इस सूचना के आधार पर एलसीबी-1 की टीम ने तुरंत मौके पर छापा मारा और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। जांच के दौरान पुलिस ने उसके पास से कई मोबाइल फोन, नकद रकम और एक कार बरामद की, जिनका इस्तेमाल वह बेटिंग के लिए कर रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीजापुर निवासी युवक के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह गुजरात टाइटन्स के मैच के दौरान लोगों से ऑनलाइन सट्टा लगवा रहा था और इसके जरिए अवैध कमाई कर रहा था। आरोपी विभिन्न माध्यमों से ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें मैच पर दांव लगाने के लिए प्रेरित करता था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के मोबाइल में कई संदिग्ध चैट, ट्रांजेक्शन डिटेल्स और बेटिंग से जुड़े डिजिटल सबूत मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध गतिविधि में शामिल था और उसका नेटवर्क अन्य शहरों तक फैला हो सकता है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुए और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है, जिनकी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। गांधीनगर पुलिस ने साफ किया है कि आईपीएल जैसे बड़े आयोजनों के दौरान सट्टेबाजी पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और ऐसे अवैध धंधों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच की जा रही है, इसमें कितने लोग शामिल हैं, इसके बारे में भी पता लगाया जा रहा है। जहां ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, इसके लिए टीम का गठन कर दिया गया है।