झारखंडः ज्वेलरी शॉप में एक करोड़ की डकैती, ग्रामीणों ने दो अपराधियों को दबोचा

0
4

रामगढ़, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के रामगढ़ जिले में मंगलवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरप्पा मोड़ पर स्थित ‘शिव शंकर ज्वेलर्स’ को निशाना बनाकर हथियारबंद अपराधियों ने करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण और नगदी लूट ली।

हालांकि, ग्रामीणों ने वारदात को अंजाम देकर भाग रहे गिराह के दो अपराधियों को पकड़ लिया। भीड़ ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे पांच से छह की संख्या में अपराधी बाइक से रजरप्पा मोड़ पहुंचे। शातिर अपराधी पहले ‘उत्तम ज्वेलर्स’ और ‘शिवनारायण ज्वेलर्स’ में ग्राहक बनकर घुसे थे, लेकिन वहां दुकानदारों की सतर्कता के कारण वे वारदात नहीं कर सके। इसके बाद वे ‘शिव शंकर ज्वेलर्स’ पहुंचे और व्यवसायी विष्णु वर्मा से सोने की चेन दिखाने को कहा। जैसे ही व्यवसायी ने आभूषण निकाले, अपराधियों ने उन पर पिस्टल तान दी और चंद मिनटों में दुकान के गहने और नगदी समेट ली।

लूट के बाद अपराधी जब भागने लगे, तभी व्यवसायी के भाई विवेक वर्मा ने शोर मचाते हुए दुकान की ग्रिल बंद करने की कोशिश की। शोर सुनकर स्थानीय लोग एकजुट हो गए। अफरा-तफरी के बीच तीन-चार अपराधी लूट का सामान लेकर फरार होने में सफल रहे, लेकिन दो अपराधियों को ग्रामीणों ने घेरकर दबोच लिया। आक्रोशित भीड़ ने पकड़े गए अपराधियों की मौके पर ही जमकर पिटाई कर दी, जिससे वे लहूलुहान हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायल अपराधियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल, मोबाइल और एक बाइक बरामद की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे।

एसपी ने बताया कि फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है और सघन छापेमारी की जा रही है। दिनदहाड़े व्यस्त बाजार में हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष है।

व्यवसायियों ने चितरपुर और रजरप्पा मोड़ क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की है। एसपी ने व्यापारियों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लूटे गए गहने बरामद कर लिए जाएंगे।