एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप: अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग में भारतीय मुक्केबाजों का दमदार प्रदर्शन

0
4

ताशकंद, 4 मई (आईएएनएस)। भारतीय युवा मुक्केबाजों ने उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित एशियन बॉक्सिंग अंडर-15 और अंडर-17 चैंपियनशिप 2026 में लगातार शानदार प्रदर्शन के साथ अपना अभियान जारी रखा है।

अंडर-17 लड़कों की प्रतियोगिता में, यश यादव (50 किलोग्राम) ने तुर्कमेनिस्तान के सुलेमान अहमदोव पर 5:0 से शानदार जीत दर्ज की, जबकि करुणा अल्बर्टसन कोम (60 किलोग्राम) ने ताजिकिस्तान के अली नजरॉव के खिलाफ 4:1 से जीत हासिल करते हुए सभी को प्रभावित किया।

गोपाल रामेश्वर गणेशे (52 किलोग्राम) का मुकाबला काफी चुनतीपूर्ण रहा, लेकिन वे ताजिकिस्तान के नजरॉव दामिर से 2:3 के मामूली अंतर से हार गए। प्रशांत मिश्रा (57 किलोग्राम) का सामना चीन के तांगजी लियू जैसे कड़े प्रतिद्वंद्वी से हुआ, जिसमें 0:5 से हार का सामना करना पड़ा।

लड़कियों के अंडर-15 क्वार्टर फाइनल में, खुशी राणा (49 किलोग्राम) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वियतनाम की नगोक ट्रुक गुयेन के खिलाफ पहले राउंड में ही आरएससी (रेफरी द्वारा मुकाबला रोकना) के आधार पर जीत हासिल की, जबकि हंसिका अत्री (46 किलोग्राम) ने उज्बेकिस्तान की विसोला बख्तियोरोवा को 5:0 से हराया। नित्या पांडे (55 किलोग्राम) को कड़े मुकाबले में कजाकिस्तान की अरुणा शालमन से हार का सामना करना पड़ा। लड़कों के अंडर-15 वर्ग में, समीर बोहरा (43 किलोग्राम) ने शुरुआती दौर में चीनी ताइपे के हाओ-टिंग चांग पर 5:0 से शानदार जीत दर्ज की।

भारत की अंडर-17 महिला मुक्केबाजों ने एशियन बॉक्सिंग अंडर-17 चैंपियनशिप 2026 में अपने अभियान की जोरदार शुरुआत करते हुए पहले ही दिन पांच शानदार जीत दर्ज कीं।

लड़कों की कैटेगरी में, नीला नरेंद्र कुमार (46 किलोग्राम) ने सऊदी अरब के खालिद अलहोसाह के खिलाफ पहले ही राउंड में आरएससी से जीत हासिल की। ​​वहीं, दक्ष पंवार (48 किलोग्राम) को कड़े मुकाबले का सामना करना पड़ा, जो ताजिकिस्तान के फिरुजजोन बोयमातोव के हाथों 0–5 से हार गए। शानदार जीत और कड़े मुकाबलों के मेल के साथ, भारतीय दल ताशकंद में चल रहे इस टूर्नामेंट में अलग-अलग आयु वर्गों में अपनी होनहार प्रतिभा का प्रदर्शन लगातार कर रहा है।