सोपोर, 11 मई (आईएएनएस)। 100-दिवसीय नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ के तहत सोपोर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में पांच नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से नशीले पदार्थ बरामद किए गए।
पहली कार्रवाई में, पुलिस पोस्ट वारपोरा ने जनवारा क्रॉसिंग पर एक नाका लगाया। चेकिंग के दौरान, जनवारा से वारपोरा की ओर आ रहे दो व्यक्तियों ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से नशीला पदार्थ ‘अल्प्राजोलम’ की गोलियां बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैसल मजीद मीर निवासी जानवारा और नसीर अहमद लोन निवासी हाथलांगू के रूप में हुई है। इस बाबत पुलिस स्टेशन सोपोर में एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है।
दूसरी कार्रवाई में, पुलिस पोस्ट वारपोरा ने मालपोरा क्रॉसिंग पर एक और नाका लगाया। चेकिंग के दौरान जनवारा से मालपोरा की ओर आ रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें भी पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से नशीला पदार्थ ‘अल्प्राजोलम’ की गोलियां बरामद हुईं। इस संबंध में, पुलिस स्टेशन सोपोर में एनडीपीएस के तहत एफआईआर दर्ज की गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
तीसरी कार्रवाई में, पुलिस पोस्ट बस स्टैंड के अधिकार क्षेत्र में गश्त के दौरान, शालीमार कॉलोनी सोपोर में एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया और गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी तलाशी लेने पर, उसके कब्जे से नशीला पदार्थ ‘कोडीन फास्फेट’ बरामद हुआ, जिसे कानूनी प्रक्रिया के अनुसार जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उमर जावेद टुगू निवासी नूरबाग (सोपोर) के रूप में हुई है। पुलिस स्टेशन सोपोर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और इसके स्रोत तथा इसमें शामिल व्यापक संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
सोपोर पुलिस का कहना कि पूरे जिले में नशीले पदार्थों के तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल सभी लोगों से कानून के तहत सख्ती से निपटा जाएगा।

