Tuesday, June 30, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध टीसीएस धर्मांतरण मामले की आरोपी निदा खान ने जिस घर में पनाह...

टीसीएस धर्मांतरण मामले की आरोपी निदा खान ने जिस घर में पनाह ली थी, उस पर चलेगा बुलडोजर: संजय शिरसाट

0
20

मुंबई, 11 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में चर्चित टीसीएस धर्मांतरण मामले को लेकर राज्य के मंत्री संजय शिरसाट ने सोमवार को कहा कि जिस घर में मुख्य आरोपी निदा खान को छिपाया गया था, उस पर जल्द बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले एक-दो दिनों में यह कार्रवाई हो सकती है।

नासिक स्थित टीसीएस यूनिट में कर्मचारी निदा खान पर हिंदू महिलाओं के जबरन धर्मांतरण की साजिश रचने का आरोप है। मामला सामने आने के बाद वह करीब एक महीने से ज्यादा समय तक फरार रही। हाल ही में पुलिस ने उसे एक घर से गिरफ्तार किया, जिसे एआईएमआईएम के एक नगरसेवक का बताया जा रहा है।

मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है, क्योंकि आरोपी महिला को 35 से 40 दिनों तक पनाह दी गई। उन्होंने कहा कि जिस एआईएमआईएम नगरसेवक ने उसे अपने घर में शरण दी, वह भी इस मामले में कहीं न कहीं आरोपी बनता है।

उन्होंने बताया कि नगरसेवक के घर पर बुलडोजर कार्रवाई इसलिए की जा रही है, क्योंकि वह निर्माण अवैध है। मंत्री के मुताबिक जब नगर निगम ने मकान के दस्तावेज मांगे, तो मालिक वैध कागजात पेश नहीं कर पाया।

संजय शिरसाट ने कहा, “नगर निगम ने नगरसेवक को तीन दिन का नोटिस दिया है और निश्चित रूप से उस मकान पर कार्रवाई होगी।”

नासिक पुलिस ने एआईएमआईएम के नगरसेवक मतीन पटेल के घर से दो दिन पहले निदा खान को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने मतीन पटेल को भी आरोपी बनाया है, क्योंकि उन पर आरोपी महिला को पनाह देने का आरोप है।

इस पूरे मामले के बाद एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी निदा खान के बचाव में सामने आए। ओवैसी ने दावा किया कि निदा खान को उसकी धार्मिक पहचान की वजह से निशाना बनाया जा रहा है और मीडिया ट्रायल किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उसके खिलाफ लगाए गए आरोप कमजोर और टिकाऊ नहीं हैं।

वहीं संजय शिरसाट ने ओवैसी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने एआईएमआईएम पर कट्टरपंथी और उग्रवादी सोच को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। मंत्री ने नितेश राणे के उस बयान का भी समर्थन किया, जिसमें उन्होंने ओवैसी की तुलना आतंकी ओसामा बिन लादेन से की थी। हालांकि शिरसाट ने कहा कि ओवैसी को ‘गली का भुट्टा चोर’ कहना ज्यादा सही होगा।