Monday, July 6, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध पटना में पुलिस मुठभेड़ में कैश वैन लूट का मुख्य आरोपी घायल,...

पटना में पुलिस मुठभेड़ में कैश वैन लूट का मुख्य आरोपी घायल, 5 लाख रुपए बरामद

0
25

पटना, 19 मई (आईएएनएस)। बिहार पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी बीच, सोमवार की देर रात पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में पिछले दिनों कैश वैन से 27 लाख रुपए लूट के मामले का एक आरोपी घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि 13 मई को गोपालपुर थानांतर्गत सीएमएस कंपनी की कैश वैन से पांच अज्ञात अपराधियों द्वारा हथियार का भय दिखाकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), पटना की निगरानी में मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज के देखने एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर घटना में संलिप्त अपराधियों की पहचान की गई, जिसके बाद अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टीम द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही थी।

इसी क्रम में सोमवार की देर रात में इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद मामले में संलिप्त एक और अपराधी की जानकारी प्राप्त होने पर पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई। इस दौरान अपराधी द्वारा पुलिस बल पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई।

पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि इस क्रम में पुलिस टीम द्वारा पूर्ण संयम एवं सतर्कता से आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली अपराधी के पैर में लगी। घायल अपराधी को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घायल अपराधी की पहचान नीतीश कुमार के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान लूट के पांच लाख रुपए नकद, लूट की राशि से खरीदे गए चार आईफोन, घटना में प्रयुक्त बाइक, सीएमएस की पर्ची, घटना के समय पहने गए कपड़े तथा फायरिंग में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। एक बरामद मोबाइल फोन की कीमत दो लाख रुपए की है।

बता दें कि सोमवार को तड़के पटना और सीवान में अलग-अलग मुठभेड़ की घटनाओं में दो वांछित अपराधी घायल हुए थे।