Saturday, August 22, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति शाहदरा में एएटीएस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया, 4...

शाहदरा में एएटीएस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया, 4 चोरी की लग्जरी कारें बरामद

0
39

शाहदरा, 19 मई (आईएएनएस)। शाहदरा जिले की वाहन चोरी निरोधक दस्ता (एएटीएस) ने संगठित वाहन चोरी गिरोह का बड़ा भंडाफोड़ किया है। टीम ने एक शातिर अंतर-राज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर 4 चोरी की लग्जरी कारें बरामद की हैं।

इस सफल ऑपरेशन में दिल्ली के दक्षिण-पूर्व, पूर्वी और शाहदरा जिले के 4 वाहन चोरी के मामले सुलझ गए हैं। साथ ही दिल्ली, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना में सक्रिय अंतर-राज्यीय वाहन चोरी नेटवर्क का भी पर्दाफाश हुआ है।

6 मई को एएटीएस शाहदरा को खुफिया जानकारी मिली कि एक कुख्यात वाहन चोर चोरी की मारुति ब्रेजा लेकर हसनपुर डिपो मार्ग से शाहदरा की ओर आ रहा है। इंस्पेक्टर प्रतीक सक्सेना के नेतृत्व वाली टीम ने कड़कड़ी मोड़ फ्लाईओवर के पास नाकेबंदी कर आरोपी सदाब को रंगे हाथों पकड़ लिया। उसके कब्जे से एक चोरी की मारुति ब्रेजा भी बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी सदाब (35 वर्ष, निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) ने कई चोरियों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 4 चोरी की कारें बरामद कीं, जिनमें मारुति ब्रेजा (दो सफेद, एक लाल) और एक मारुति बलेनो शामिल हैं।

सदाब एक आदतन अपराधी है। उसके ऊपर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें अकेले दिल्ली के 7 मामले शामिल हैं। वह वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामलों में पहले भी जेल जा चुका है।

आरोपी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से कारों को चुराता था, नंबर प्लेट बदलता था और फिर इन्हें उत्तर प्रदेश और तेलंगाना के खरीदारों, डॉ. वाहिद (हापुड़), शमीम उर्फ पिल्ला (मेरठ) और वसीम कुरैशी (हैदराबाद), को सप्लाई करता था।

इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व इंस्पेक्टर प्रतीक सक्सेना ने किया। टीम में हेड कांस्टेबल निशांत, नीरज, रोहित, अनुज, योगेंद्र और कांस्टेबल शुभम शामिल थे। पूरे अभियान की निगरानी एसीपी मोहिंदर सिंह और डीसीपी शाहदरा ने की।

शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा (आईपीएस) ने कहा कि वाहन चोरी के खिलाफ अभियान तेज किया जाएगा और अंतर-राज्यीय नेटवर्क को पूरी तरह से समाप्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।