Tuesday, August 25, 2026
spot_img
Home राष्ट्रीय महाराष्ट्र में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की आपूर्ति सामान्य, घबराकर खरीदारी न करने...

महाराष्ट्र में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की आपूर्ति सामान्य, घबराकर खरीदारी न करने की अपील

0
31

मुंबई, 20 मई (आईएएनएस)। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसीएल), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (एचपीसीएल) ने महाराष्ट्र में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस (एलपीजी) की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य और निर्बाध होने का भरोसा दिया है।

महाराष्ट्र के स्टेट लेवल कोऑर्डिनेटर (ऑयल इंडस्ट्री) मिहिर जोशी ने बताया कि राज्य में ईंधन की आपूर्ति की स्थिति स्थिर और पर्याप्त बनी हुई है। टर्मिनल, डिपो, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट और पेट्रोल पंप सहित सभी आपूर्ति चैनल सुचारु रूप से काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ईंधन के स्टॉक पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी स्थानों पर निर्धारित सुरक्षा एवं परिचालन मानकों के तहत निर्बाध तरीके से रीफिलिंग और आपूर्ति का काम जारी है।

तेल कंपनियों के अनुसार, पूरी सप्लाई चेन में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और उपभोक्ताओं की वास्तविक मांग को पूरा करने के लिए लगातार आपूर्ति की जा रही है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी की सप्लाई भी सामान्य रूप से जारी है और राज्यभर में डिलीवरी सुचारु रूप से हो रही है।

सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने लोगों से घबराकर ईंधन की अनावश्यक खरीदारी नहीं करने की अपील की है। कंपनियों ने यह भी कहा कि ईंधन उपलब्धता से जुड़ी सही और प्रमाणित जानकारी के लिए केवल कंपनियों या सरकारी एजेंसियों की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।