पश्चिम बंगाल : सीएम अधिकारी दुर्गापुर में पांच जिलों की उच्चस्तरीय प्रशासनिक बैठक की अध्यक्षता करेंगे

0
4

दुर्गापुर, 21 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार औद्योगिक शहर दुर्गापुर पहुंचे। यहां वे सृजनी हॉल में पांच जिलों की उच्चस्तरीय प्रशासनिक बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक को नई सरकार के प्रशासनिक एजेंडे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की इस यात्रा के मद्देनजर दुर्गापुर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पूरे कार्यक्रम स्थल को तीन स्तर की सुरक्षा घेरे में रखा गया है। बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) और डॉग स्क्वॉड की टीमें तैनात की गई हैं। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले पूरे इलाके में सघन तलाशी और सैनिटाइजेशन अभियान चलाया गया।

बैठक में पुरुलिया, बांकुड़ा, बीरभूम, पश्चिम बर्धमान और पूर्व बर्धमान जिलों के अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में सांसद, विधायक, जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक, पुलिस आयुक्त, बीडीओ और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहेंगे। सूत्रों के अनुसार, बैठक में मुख्य रूप से कानून-व्यवस्था की स्थिति, विकास कार्यों की समीक्षा, विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक तालमेल पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। नई सरकार के सत्ता संभालने के बाद यह दूसरा बड़ा प्रशासनिक कार्यक्रम है।

इससे पहले मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी उत्तर बंगाल के जिलों के साथ भी ऐसी बैठक कर चुके हैं। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि इस बैठक के जरिए राज्य सरकार जिलों में बेहतर समन्वय स्थापित करना चाहती है। खासतौर पर कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू करने, विकास परियोजनाओं को तेज गति देने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने जैसे मुद्दों पर फोकस रहने की उम्मीद है।

दुर्गापुर पश्चिम बर्धमान जिले का प्रमुख औद्योगिक केंद्र है। यहां स्टील प्लांट, कोयला खदानें और कई अन्य उद्योग स्थित हैं। ऐसे में इस बैठक में औद्योगिक विकास, बेरोजगारी, बुनियादी सुविधाओं और निवेश आकर्षण पर भी चर्चा हो सकती है।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय स्तर पर भी काफी उत्साह है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत की तैयारियां की हैं। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर पूरे शहर में यातायात को भी नियंत्रित किया गया है।