Sunday, May 24, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध गाजियाबाद में नशे के कारोबार पर कार्रवाई, महिला गिरफ्तार, गांजा-स्मैक और लाखों...

गाजियाबाद में नशे के कारोबार पर कार्रवाई, महिला गिरफ्तार, गांजा-स्मैक और लाखों की नकदी बरामद

0
3

गाजियाबाद, 23 मई (आईएएनएस)। गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया। आरोपी महिला के पास से भारी मात्रा में गांजा, स्मैक, लाखों रुपए की नकदी और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान गीता के रूप में हुई है, जो नंदग्राम क्षेत्र की नई बस्ती की निवासी बताई जा रही है। पुलिस को लंबे समय से इलाके में नशे के कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद नंदग्राम थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से निगरानी शुरू की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।

जांच के दौरान पुलिस ने तीस फुटा रोड स्थित गली नंबर-1 में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान महिला को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 900 ग्राम गांजा और 172 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, स्मैक को 2460 छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक किया गया था, और इन्हें सप्लाई करने की तैयारी की जा रही थी। बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 26 लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से करीब 5 लाख 98 हजार रुपए की नकदी भी बरामद की है। यह रकम अलग-अलग मूल्य के नोटों और सिक्कों के रूप में रखी गई थी। इसके अलावा सात मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनमें कीपैड और एंड्रॉयड दोनों प्रकार के फोन शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि इन मोबाइल फोन का इस्तेमाल ग्राहकों और सप्लायरों से संपर्क करने के लिए किया जाता था।

पूछताछ के दौरान महिला ने स्वीकार किया कि वह इलाके में घूम-घूमकर गांजा और स्मैक बेचने का काम करती थी। उसने बताया कि इसी अवैध कारोबार से वह अपनी आजीविका चला रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा नशे की खेप कहां से लाई जाती थी और किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जाती थी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही बरामद मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके।