Thursday, May 28, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पन्ना में रेल लाइन का पुनः तकनीकी परीक्षण होगा, रेल मंत्री ने...

पन्ना में रेल लाइन का पुनः तकनीकी परीक्षण होगा, रेल मंत्री ने दिए निर्देश

0
3

भोपाल, 28 मई (आईएएनएस) मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाली ललितपुर–सिंगरौली रेल लाइन के पन्ना से गुजरने वाली रेल लाइन के अलाइनमेंट का पुनः तकनीकी परीक्षण होगा। रेल्वे अधिकारियों को यह निर्देश रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिए है। दरअसल ललितपुर–सिंगरौली रेल लाइन का बड़ा हिस्सा पूरा हो चुका है। सतना से खजुराहो के बीच चल रहे काम की रफ्तार धीमी है। साथ ही जंगल के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

यह रेल लाइन पन्ना के जंगल क्षेत्र से होकर गुजरती है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने परियोजना के अलाइनमेंट से जुड़े ड्रोन फोटोग्राफ्स एवं टोपो शीट का विस्तृत अध्ययन किया। रेल मंत्री वैष्णव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वर्तमान अलाइनमेंट का पुनः तकनीकी परीक्षण कराया जाए। इसके लिए विशेषज्ञों की टीम को शामिल कर रेलवे लाइन निर्माण के सभी संभावित विकल्पों का अध्ययन किया जाएगा, ताकि पर्यावरण पर न्यूनतम प्रभाव पड़े एवं अधिक से अधिक पेड़ों को सुरक्षित रखा जा सके।

रेल मंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्र में जितने पेड़ प्रभावित होंगे, उनसे दोगुने से अधिक संख्या में पेड़ आगामी मानसून से पूर्व लगाए जाएं। भारतीय रेल विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। यह परियोजना क्षेत्रीय संपर्क, आर्थिक विकास और सामाजिक समावेशन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

ललितपुर–सिंगरौली रेल लाइन परियोजना बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण रेल कनेक्टिविटी परियोजना है। यह परियोजना मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के पिछड़े एवं दूरस्थ क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम है। प्रस्तावित रेल लाइन मध्य प्रदेश के पूर्वी क्षेत्र को झांसी–भोपाल मुख्य रेल मार्ग से जोड़ेगी, जिससे क्षेत्रीय विकास, रोजगार एवं आवागमन को नई गति मिलेगी।

–आईएएनएस

एसएनपी/पीएम