SGSU Advertisement
Home राजनीति मध्य प्रदेश के इंदौर में आज राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’...

मध्य प्रदेश के इंदौर में आज राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम, युवाओं से करेंगे संवाद

0
4

इंदौर, 19 सितंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को मध्य प्रदेश के इंदौर का दौरा करेंगे। वे अपने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत इंदौर में युवाओं से बातचीत करेंगे।

मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के अनुसार, राहुल गांधी का कार्यक्रम शाम 5 बजे इंदौर के राजीव गांधी सक्रिल के पास भारत जोड़ो मैदान में होगा। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “जब व्यवस्था से उम्मीद टूटने लगे, तब बदलाव की आवाज उठती है। आज इंदौर से देश के छात्र अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उम्मीद की नई शुरुआत होगी, बदलाव की नई गूंज होगी। मिलकर हालात बदलेंगे।”

बता दें कि इंदौर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कांग्रेस को कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस इकाई ने क्षेत्रीय पार्क के सामने लगभग 12,000 वर्ग मीटर जमीन 17 से 19 सितंबर तक के लिए अस्थायी पट्टे पर ली है।

उधर, शनिवार को राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम का मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में सीधा प्रसारण किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि छिंदवाड़ा के युवाओं के लिए शहर के राजीव गांधी प्राइवेट बस स्टैंड पर शनिवार शाम 5 बजे से बड़ी एलईडी स्क्रीन पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। उन्होंने लोगों से कार्यक्रम में जुड़ने की भी अपील की।

इस सप्ताह की शुरुआत में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “मैं 19 सितंबर को छात्रों से मिलने, आपकी बात सुनने और आपसे बात करने के लिए इंदौर आ रहा हूं।। अगर आप या आपके अपने शिक्षा व्यवस्था के सताए हुए हैं और चाहते हैं कि ये हालात बदलें, तो आप जानते हैं – ‘छात्रों की गूंज’ आपकी सामूहिक आवाज है, बदलाव की शुरुआत करने का एक मौका है।”

शिक्षा व्यवस्था की बदहाली के खिलाफ राहुल गांधी अब तक कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित कर चुके हैं। उन्होंने पुणे में 22 अगस्त को छात्राओं के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया था।