Sunday, May 31, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth सैनिक स्कूल भर्ती 2026: मेडिकल ऑफिसर समेत कई पदों के लिए आवेदन...

सैनिक स्कूल भर्ती 2026: मेडिकल ऑफिसर समेत कई पदों के लिए आवेदन शुरू, फटाफट भरें फॉर्म

0
5

देहरादून, 30 मई (आईएएनएस)। सैनिक स्कूल में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। सैनिक विद्यालय, घोराखाल, नैनीताल ने नियमित और संविदात्मक आधार पर विभिन्न 10 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह पद एक वर्ष की अवधि के लिए है, जिसे 3 वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है।

सैनिक स्कूल की ओर से जारी 10 रिक्तियों में पीजीटी (गणित), टीजीटी (हिंदी), टीजीटी (अंग्रेजी), टीजीटी (विज्ञान), नर्सिंग असिस्टेंट, पीटीआई/पीईएम-सह मैट्रन (महिला), बैंड मास्टर और चिकित्सा अधिकारी का 1-1 और टीजीटी (गणित) के 2 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 19 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि विज्ञापन प्रकाशन के 21 दिन तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार ग्रेजुएशन, पोस्ट-ग्रेजुएशन, पोस्ट-ग्रेजुएट एमएससी, बीएड, बीपीएड, एमबीबीएस, नर्सिंग डिप्लोमा/डिग्री या समकक्ष सशस्त्र बलों की योग्यता जैसी डिग्री/डिप्लोमा होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की न्यूनतम आयु पद अनुसार 18 से 21 वर्ष और अधिकतम आयु 35 से 50 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन प्रारंभिक स्क्रीनिंग, लिखित/व्यावहारिक परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 25,500 से 70,125 रुपए प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले सैनिक स्कूल-नैनीताल के ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे ‘प्रधानाचार्य, सैनिक स्कूल घोड़ाखाल’ पते पर डाक कर दें।