Saturday, May 30, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति भोपाल: नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह...

भोपाल: नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह हिरासत में

0
4

भोपाल, 30 मई (आईएएनएस)। नीट पेपर लीक के विरोध में शनिवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन की मध्य प्रदेश इकाई ने भोपाल में प्रदर्शन किया। जब प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे तभी उन्हें पुलिस ने रोक दिया और प्रदर्शन में शामिल पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित अन्य नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।

एनएसयूआई ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था और उसी क्रम में कांग्रेस के बड़े नेताओं की अगुवाई में कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय से मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रेडक्रॉस चौराहे पर बैरिकेडिंग कर रोक लिया।

इस दौरान एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार समेत कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन चलाए। उसके बावजूद काफी देर तक कार्यकर्ता डटे रहे। इसके बाद पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत कांग्रेस पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस उन्हें बस में बिठाकर रातीबड़ थाने ले गई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज भी किया और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका गया। पुलिस के लाठीचार्ज में प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार समेत कई अन्य घायल हो गए। घायलों को सिद्धांता अस्पताल ले जाया गया है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के साथ पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, सिलवानी विधायक एवं रायसेन जिला अध्यक्ष देवेंद्र पटेल, पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल, विदिशा जिला अध्यक्ष मोहित रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई एवं कांग्रेस नेता हिरासत में लिए गए।

–आईएएनएस

एसएनपी/वीसी