Tuesday, June 2, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गोपाल नमो सेवा केंद्र के तीन वर्ष पूर्ण, हजारों जरूरतमंदों तक पहुंचीं...

गोपाल नमो सेवा केंद्र के तीन वर्ष पूर्ण, हजारों जरूरतमंदों तक पहुंचीं सरकारी योजनाएं

0
2

नोएडा, 1 जनवरी (आईएएनएस)। जनसेवा, सुशासन और अंत्योदय के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से कार्यरत गोपाल नमो सेवा के तीन वर्ष पूर्ण हुए है। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों तथा बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने भाग लिया और केंद्र की उपलब्धियों को साझा किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण उन लाभार्थियों का सम्मान रहा, जिनके जीवन में सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाकर सकारात्मक बदलाव लाया गया। इसके साथ ही समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्वयंसेवकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में जनता केवल आश्वासनों से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखने वाले परिणामों से प्रभावित होती है। ऐसे समय में गोपाल कृष्ण अग्रवाल के नेतृत्व में संचालित गोपाल नमो सेवा केंद्र ने सेवा और समर्पण का एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया है। पिछले तीन वर्षों में केंद्र ने हजारों परिवारों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया है।

आयुष्मान भारत, ई-श्रम, पीएम विश्वकर्मा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित 75 से अधिक सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाकर पात्र लाभार्थियों को उनका अधिकार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई है। गोपाल नमो सेवा केंद्र ने तीन वर्षों के दौरान 8,000 से अधिक नागरिकों तक अपनी पहुंच बनाई है।

नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दादरी, जेवर, बुलंदशहर और आसपास के क्षेत्रों में लगाए गए शिविरों के माध्यम से हजारों लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया गया। इस पहल ने शासन और जनता के बीच की दूरी कम करने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं को फाइलों और कार्यालयों से निकालकर सीधे लोगों के घरों तक पहुंचाने का कार्य किया है।

कार्यक्रम में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “अंत्योदय” के विचार के मुताबिक समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही वास्तविक सुशासन है। गोपाल नमो सेवा केंद्र इसी सोच को धरातल पर उतारने का कार्य कर रहा है।

वक्‍ताओं ने कहा कि जब गरीब को स्वास्थ्य सुरक्षा, श्रमिक को पहचान, कारीगर को अवसर और पात्र नागरिक को उसका अधिकार मिलता है, तब विकसित भारत के संकल्प को नई मजबूती मिलती है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जनसेवा के इस अभियान को और अधिक व्यापक बनाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।