Saturday, July 25, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध पटना : खान सर की कोचिंग पर हमला करने के आरोप में...

पटना : खान सर की कोचिंग पर हमला करने के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

0
21

पटना, 3 जून (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान में तोड़फोड़ और गार्ड के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद भी शामिल बताए जा रहे हैं।

पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार की रात में करीब 10:10 बजे कदमकुंआ थानांतर्गत खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान पर कुछ लोगों द्वारा पथराव एवं तोड़फोड़ किए जाने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई।

घटनास्थल पर आसपास के लोगों से पूछताछ करने एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को देखने के बाद पुलिस को यह जानकारी मिली कि पास के ही ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान से जुड़े 15 से 20 लोगों द्वारा पथराव एवं तोड़फोड़ किया गया है। पुलिस ने साफ कर दिया कि सीसीटीवी फुटेज को देखने के बाद स्पष्ट है कि फायरिंग नहीं की गई है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना के दौरान कोचिंग में कार्यरत गार्ड के साथ मारपीट भी की गई थी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग के एक कर्मचारी द्वारा एक प्राथमिकी संबंधित थाना में दर्ज कराई गई है।

इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद और तोड़फोड़ में पहचाने गए अभिषेक और गौरव की गिरफ्तारी की है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि इस मामले में शामिल अन्य चार-पांच लोगों की भी पहचान कर ली गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

इससे पहले भी खान सर के कोचिंग पर 10 मई 2019 को भी निशाना बनाकर देसी बम से हमला किया गया था। उस समय सुबह करीब 10 बजे कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान जीएस रिसर्च सेंटर के बाहर अज्ञात बदमाशों ने लगातार दो देसी बम फेंके थे।

–आईएएनएस

एमएनपी/एएस