मधुबनी, 3 जून (आईएएनएस)। बिहार के मधुबनी जिले के पतोना थाना क्षेत्र में बुधवार को एक तालाबनुमा बड़े गड्ढे में स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब जाने से पांच बच्चों की मौत हो गई। सभी बच्चे एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। घटना के बाद से ही पूरे गांव में मातम पसर गया है।
इस घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मधुबनी जिला के पतौना थाना क्षेत्र के केरवार गांव में नहाने के दौरान डूबने से 5 बच्चों की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें एवं परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें। आपदा प्रबंधन विभाग को मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपए का अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया गया है।”
सभी मृतक एक ही परिवार के हैं। एक साथ पांच बच्चों की मौत की खबर फैलते ही पूरे केरवार गांव में मातम छा गया है। मृत बच्चों के माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
वहीं, पुलिस के मुताबिक, पूरी घटना केरवार गांव की है, जहां गांव के कई बच्चे पास के ही खेत में जेसीबी से खुदे बड़े गड्ढे में जमा पानी में स्नान करने गए थे। ये बच्चे स्नान करने में मशगूल हो गए और आगे बढ़ते चले गए। इस दौरान उन्हें गहराई का अंदाजा नहीं लगा और गहरे पानी में एक-एक करके डूबते चले गए।
इसके बाद घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीण तुरंत पहुंच गए और राहत और बचाव का कार्य प्रारंभ कर दिया। इस घटना में पांच बच्चों की मौत हो गई। बताया गया कि सभी शवों को बाहर निकाल लिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढा तालाबनुमा हो गया है, लेकिन यहां पर सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं किया गया है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है।

