Friday, June 5, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध मुरादाबाद : नशे के आदी पति ने बच्चों के सामने पत्नी की...

मुरादाबाद : नशे के आदी पति ने बच्चों के सामने पत्नी की कर दी हत्या, तलाश जारी

0
6

मुरादाबाद, 5 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर हमीर में शुक्रवार सुबह नसीम नामक युवक ने अपनी पत्नी सना (25) के सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति तीन साल के बेटे अली हमजा को लेकर भाग निकला। फिर, रास्ते में बच्चे को छोड़कर प्राइवेट बस में फरार हो गया।

एसपी (ग्रामीण) कुंवर आकाश सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए बताया, “सुबह खबर मिली कि मैनाथर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में एक पति ने अपनी पत्नी के सिर पर ईंट मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची तो पता चला कि पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। झगड़े के दौरान पति ने कथित तौर पर पत्नी के सिर पर ईंट मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।”

उन्होंने कहा कि मिली शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शुरूआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पति नशा करता था, जिसको लेकर विवाद होता था, इसी को लेकर हत्या की भी बात सामने आ रही है, पड़ोसी और बच्चों से पूछताछ की जा रही है, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया जा रहा है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एसपी (ग्रामीण) के अनुसार, नसीम व सना का छह वर्ष पूर्व गांव में ही प्रेम विवाह हुआ था। शादी के दो साल बाद से ही दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई थी। दंपति के तीन छोटे बच्चे हैं। घटना के समय घर में सभी बच्चे मौजूद थे।

थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी नसीम की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मौत का कारण क्या था। पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में लगी हुई है।

इस घटना पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। पड़ोसियों ने यह भी दावा किया कि घटना में तीन अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है। नसीम ट्रक चालक है और तीन दिन पहले काम से लौटा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।