राजकोट, 8 जून (आईएएनएस)। गुजरात राज्य निगरानी प्रकोष्ठ (एसएमसी) ने राजकोट में एक ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार करते हुए शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है। बरामद की गई शराब की कीमत लगभग 1.51 करोड़ रुपए आंकी गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि एसएमसी की टीम ने राजकोट जिले में नेशनल हाईवे 27 पर भारुडी टोल प्लाजा के पास एक ट्रक को पकड़ा, जिसमें 1.51 करोड़ रुपए से अधिक की शराब थी। अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गई खेप में 1,154 बक्से थे, जिनमें 41,580 बोतलें थीं। कहा जा रहा है कि यह शराब चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान की डिस्टलरी में बनाई गई थी।
पुलिस ने 30 लाख रुपए कीमत का ट्रक, 5,000 रुपए का मोबाइल फ़ोन, 3,600 रुपए नकद और 20,800 रुपए का अन्य सामान भी जब्त किया। जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत 1.81 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के बालोतरा जिले के होडू गांव के रहने वाले भूराराम सारण के तौर पर हुई है। जांच टीम ने बताया कि वह ट्रक चला रहा था, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर गुजरात में शराब लाने के लिए किया गया था। पुलिस ने इस मामले में चार अन्य आरोपियों को भी वांटेड घोषित किया है।
इनमें बालोतरा जिले का कथित शराब सप्लायर खेमाराम बेनीवाल, राजस्थान के पीलवा इलाके का ट्रक मालिक रामनिवास उर्फ रामलाल मुल्तानाराम, पीलवा का ही सुनील मुल्तानाराम और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है, जिसने कथित तौर पर शराब का ऑर्डर देने के लिए यूके के कंट्री कोड वाले वर्चुअल मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया था।
इससे पहले, अहमदाबाद कस्टम्स के अधिकारियों ने वलसाड जिले के कोलाक तट के पास एक नाव को रोका और 555 बक्से जब्त किए, जिनमें शराब की 18,672 बोतलें थीं। इनकी कीमत लगभग 50 लाख रुपए थी। आठ लोगों को हिरासत में लिया गया और शराबबंदी कानूनों के तहत कार्रवाई के लिए यह खेप स्थानीय पुलिस को सौंप दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि शक है कि यह शराब दमन से गुजरात में तस्करी करके लाई गई थी। इसके अलावा, मई में अहमदाबाद की सोला पुलिस ने एसजी हाईवे पर वैष्णोदेवी ब्रिज के पास एक ट्रक को रोका और उसमें धान की भूसी की बोरियों के नीचे 54.1 लाख रुपए की शराब छिपाकर रखी गई थी।

