Thursday, June 11, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति अनंतनाग में वंदे भारत एक्सप्रेस का नया ठहराव, यात्रियों, व्यापारियों को...

अनंतनाग में वंदे भारत एक्सप्रेस का नया ठहराव, यात्रियों, व्यापारियों को मिलेगा लाभ: अश्विनी वैष्णव

0
1

नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात कर केंद्र शासित प्रदेश में चल रही और भविष्य की रेलवे परियोजनाओं पर चर्चा की। बैठक का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति देना था।

बैठक के दौरान एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए अनंतनाग में वाणिज्यिक ठहराव (कमर्शियल स्टॉपेज) देने की घोषणा की गई। इस नए ठहराव से यात्रियों, पर्यटकों और व्यापारियों को काफी लाभ मिलेगा। इससे कश्मीर के प्रमुख आर्थिक और सांस्कृतिक केंद्रों में से एक अनंतनाग तक तेज, सुविधाजनक और विश्वसनीय रेल संपर्क उपलब्ध होगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अनंतनाग में वंदे भारत एक्सप्रेस का नया ठहराव स्थानीय लोगों की आवश्यकताओं और आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर लिया गया निर्णय है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह कदम जम्मू-कश्मीर में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को और बढ़ावा देगा तथा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसी को देखते हुए अनंतनाग में वंदे भारत एक्सप्रेस के नए ठहराव की घोषणा की जा रही है, जिससे वहां के लोगों को और आने-जाने वाले पर्यटकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर में भारतीय रेलवे की परिवर्तनकारी पहलों की सराहना करते हुए कहा कि वंदे भारत सेवा ने जम्मू और श्रीनगर के बीच यात्रा को पूरी तरह बदल दिया है। इससे यात्रा का समय काफी कम हुआ है और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल रही हैं। इसी आने वाले दिनों में और बढ़ाया जाएगा। इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि विस्तारित रेल नेटवर्क केवल यात्री परिवहन तक सीमित नहीं है, बल्कि जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रहा है। विशेष रूप से सेब, चेरी जैसे फलों और सीमेंट जैसी वस्तुओं की निर्बाध ढुलाई से लॉजिस्टिक्स व्यवस्था में सुधार हुआ है, परिवहन लागत घटी है और स्थानीय किसानों तथा उद्योगों के लिए नए बाजारों के अवसर खुले हैं।