Wednesday, June 17, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: नीदरलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, भारतीय टीम...

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: नीदरलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, भारतीय टीम में नंदिनी शर्मा को मौका

0
9

लीड्स, 17 जून (आईएएनएस)। नीदरलैंड ने बुधवार को भारत के खिलाफ हेडिंग्ले में जारी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 10वें मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। दोनों टीमें इस मैच में एक-एक बदलाव के साथ उतरी हैं। भारत ने विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में हैट्रिक लेने वालीं 24 वर्षीय तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा को मौका दिया है।

टॉस जीतने के बाद नीदरलैंड की कप्तान बैबेट डी लीड ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करेंगे। मुझे लगता है कि पिच से हमें कुछ मदद मिलेगी और उम्मीद है कि बाद में हम लक्ष्य हासिल कर लेंगे। मैं इस मौके के लिए बहुत उत्साहित हूं। भारत के खिलाफ खेलना एक सपना सच होने जैसा है, थोड़ी घबराहट भी हो रही है। हमने एक बदलाव किया है। हम एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज के साथ खेल रहे हैं, जबकि एक बल्लेबाज को बाहर किया है।”

वहीं, टॉस गंवाने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, “पहले बल्लेबाजी करने का शानदार मौका है और हम खुद को चुनौती देना चाहते हैं। हम बल्ले और गेंद से पावरप्ले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अपनी योजनाओं पर टिके रहना और जितना हो सके देर तक बल्लेबाजी करना इस पिच पर अहम है। हमारी टीम में एक बदलाव है। अरुंधति आज आराम कर रही हैं और नंदिनी शर्मा की वापसी हुई है।”

‘विमेन इन ब्लू’ इस मुकाबले में जीत के क्रम को जारी रखने उतरी है, जिसने अपने अभियान के शुरुआती मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 64 रन से शानदार जीत हासिल की थी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 6 विकेट खोकर 170 रन बनाए। भारत की तरफ से स्मृति मंधाना ने 68 रन, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रन की पारी खेली थी।

इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम 17 ओवरों में 106 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान के लिए मुनीबा अली ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, जबकि आलिया रियाज ने 18 रन का योगदान दिया। भारत की तरफ से दीप्ति शर्मा ने 5 विकेट हासिल किए। श्री चरणी को 3 विकेट हाथ लगे, जबकि शेफाली वर्मा ने 1 विकेट निकाला।

भारत की प्लेइंग इलेवन: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, यास्तिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिगेज, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़ और नंदनी शर्मा।

नीदरलैंड की प्लेइंग इलेवन: हीथर सीगर्स, फीबे मोल्केनबोअर, बैबेट डी लीड (विकेटकीपर/कप्तान), स्ट्रे कालिस, रॉबिन रिजके, फ्रेडरिक ओवरडिज्क, आइरिस ज्विलिंग, मर्थे वैन डेन राड, कैरोलिन डी लैंग, सिल्वर सीगर्स और इसाबेल वोनिंग।