पटना, 17 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने डबल इंजन सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए दावा किया कि यहां तो बाबा-दादा ही अपराधी बन गए हैं।
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि जो भी बिहार में गुंडागर्दी करेगा, उसे 48 घंटे के अंदर कानून के दायरे में लाया जाएगा। वैसे 90 फीसदी अपराधी तो यहीं पकड़ लिए जाएंगे और जो 10 फीसदी बचकर भागने की सोच रहे हैं, उनके लिए भी रास्ते आसान नहीं हैं। नेपाल जाएंगे तो सीमा पर नजर है, और बनारस पहुंच गए तो वहां योगी आदित्यनाथ की सरकार पहले से तैयार बैठी है।
सीएम सम्राट चौधरी के बयान पर पटना में आईएएनएस से बात करते हुए राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि एक तरफ दादा यानी सुवेंदु अधिकारी हैं, दूसरी तरफ बाबा यानी योगी आदित्यनाथ हैं। बाबा ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है, यह किसी से छिपा नहीं है। बंगाल में दादा जब वहां गए तो अपराधियों ने उन्हें सलामी दी और उनके पीए की हत्या कर दी। यहां बिहार में भी अपराधियों का राज चल रहा है। अब बाबा और दादा कहने से क्या होगा। बाबा और दादा खुद अपराधी बन गए हैं।
मृत्युंजय तिवारी ने बिहार सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इन सभी मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल सड़कों पर उतर आई है। 9 जून को प्रखंड स्तर पर विरोध प्रदर्शन हुआ था, और बुधवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। बिहार की भलाई के लिए हम सड़क से लेकर संसद तक लड़ाई लड़ेंगे। यह तेजस्वी यादव का आह्वान है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार के स्कूलों से संबंधित एक फैसले पर कहा कि देश कानून-व्यवस्था के सिस्टम से चलेगा, वह किसी की मर्जी से नहीं चल सकता। हर कोई गायत्री मंत्र पढ़ता है, लेकिन इससे समस्याओं का समाधान नहीं होगा।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और लालू यादव की सुरक्षा हटाए जाने पर भी बयान दिया। राजद नेता ने कहा कि लालू यादव सही कह रहे हैं, नीतीश कुमार ही सबकुछ करवा रहे हैं।

