Thursday, June 25, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध अमृतसर में ड्रग्स और हथियार तस्करी के रैकेट का पर्दाफाश, अफगान नागरिक...

अमृतसर में ड्रग्स और हथियार तस्करी के रैकेट का पर्दाफाश, अफगान नागरिक समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

0
6

अमृतसर, 25 जून (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ मिलकर सीमा पार से चल रहे अवैध हथियार, ड्रग्स और हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक अफगान नागरिक भी शामिल है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े हुए थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इनके संपर्क विदेश में बैठे हैंडलरों से थे, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए इनके साथ संपर्क में रहते थे। इन्हीं हैंडलरों के निर्देश पर ये लोग ड्रग्स और हथियारों की खेप हासिल करते थे और फिर उन्हें अलग-अलग आपराधिक गिरोहों और अपराधियों तक पहुंचाते थे।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 अत्याधुनिक हथियार बरामद किए हैं। इनमें दो सब मशीन गन भी शामिल हैं। इसके अलावा करीब 5.048 किलोग्राम हेरोइन भी जब्त की गई है। पुलिस ने 30.38 लाख रुपये की हवाला राशि भी बरामद की है, जिससे यह साफ होता है कि इस नेटवर्क का इस्तेमाल अवैध वित्तीय लेन-देन के लिए भी किया जा रहा था।

पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के तार कई अन्य राज्यों और विदेशों तक फैले हो सकते हैं। हवाला के जरिए पैसे का लेनदेन किया जाता था और उसी पैसे का इस्तेमाल ड्रग्स तथा हथियारों के कारोबार में किया जाता था।

इस मामले में अमृतसर के इस्लामाबाद थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। साथ ही, विदेश में बैठे मास्टरमाइंड और उनके स्थानीय सहयोगियों की पहचान करने की भी कोशिश की जा रही है।

पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में नशा तस्करी, अवैध हथियारों की तस्करी, हवाला कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ उसकी जीरो टॉलरेंस नीति आगे भी इसी तरह जारी रहेगी। ऐसे नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जा रही है और राज्य की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।